वाराणसी (रणभेरी): शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार और मॉडिफाइड साइलेंसर के जरिए धमाके जैसी आवाज निकालकर लोगों को परेशान करने वाली 26 लाख रुपये कीमत की BMW सुपरबाइक को सिगरा पुलिस ने सीज कर दिया। रविवार रात चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार युवक को रोककर पूछताछ की। जांच में सामने आया कि बाइक के साइलेंसर को इस तरह से मॉडिफाई कराया गया था, जिससे सड़क पर चलते समय फायरिंग जैसी तेज आवाज सुनाई देती थी।
पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार पिछले कई दिनों से शहर के अलग-अलग इलाकों में इसी तरह बाइक दौड़ा रहा था। अचानक तेज धमाके जैसी आवाज निकलने से राहगीर और आसपास रहने वाले लोग घबरा जाते थे। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ा युवक
रविवार रात करीब 10 बजे सिगरा थाना क्षेत्र के इंग्लिशिया लाइन इलाके में पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक युवक तेज आवाज करते हुए BMW सुपरबाइक से वहां से गुजरा। आवाज असामान्य होने पर पुलिसकर्मियों ने बाइक को रुकवाया।
पुलिस ने युवक से बाइक के साइलेंसर और आवाज के संबंध में पूछताछ की। इसके बाद उसे बाइक समेत थाने लाया गया। पूछताछ के दौरान युवक ने पुलिस से अपनी गलती स्वीकार करते हुए दोबारा ऐसा नहीं करने की बात कही।
बताया जाता है कि युवक ने पुलिस के सामने माफी मांगते हुए कहा कि उससे गलती हो गई है और भविष्य में वह इस तरह बाइक नहीं चलाएगा।
15 दिन पहले ही खरीदी थी BMW
पुलिस की पूछताछ में बाइक सवार की पहचान मंडुआडीह निवासी शिवांग के रूप में हुई। युवक ने बताया कि उसने करीब 15 दिन पहले ही BMW बाइक खरीदी थी। बाइक खरीदने के बाद उसने उसके साइलेंसर में बदलाव कराया था।
पुलिस के अनुसार, बाइक की नंबर प्लेट भी अभी युवक को नहीं मिली थी। इसके बावजूद वह बाइक लेकर शहर की सड़कों पर निकल रहा था। साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज के कारण लोगों का ध्यान उसकी ओर जाता था।
करीब 10 दिन से मिल रही थीं शिकायतें
सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा के मुताबिक, बाइक सवार करीब 10 दिनों से इलाके की सड़कों, मोहल्लों और कॉलोनियों में तेज रफ्तार से बाइक चला रहा था। मॉडिफाइड साइलेंसर के कारण बाइक से निकलने वाली आवाज सामान्य से काफी अधिक थी।
कई बार बाइक किसी व्यक्ति या वाहन के पास से गुजरती तो अचानक तेज धमाके जैसी आवाज होती। इससे सड़क पर मौजूद लोगों में घबराहट की स्थिति बन जाती थी। आसपास के लोगों ने इस संबंध में पुलिस को शिकायतें भी दी थीं।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बाइक सवार की पहचान और तलाश शुरू की थी। रविवार रात चेकिंग के दौरान पुलिस को सफलता मिली और युवक को बाइक सहित पकड़ लिया गया।
मोटर व्हीकल एक्ट के तहत बाइक सीज
पुलिस ने जांच के बाद BMW सुपरबाइक को सीज कर दिया। कार्रवाई मॉडिफाइड साइलेंसर और मोटर व्हीकल एक्ट से जुड़े नियमों के उल्लंघन के आधार पर की गई। इसके अलावा प्रदूषण संबंधी नियमों के उल्लंघन को भी कार्रवाई का आधार बनाया गया।
पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में लेने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। कार्रवाई के बाद युवक को छोड़ दिया गया। पुलिस ने साफ किया कि सड़क पर वाहनों में ऐसे बदलाव कराना, जिनसे अत्यधिक शोर या लोगों को परेशानी हो, कार्रवाई का कारण बन सकता है।
लोगों की शिकायत के बाद पुलिस ने बढ़ाई निगरानी
पुलिस का कहना है कि शहर में तेज रफ्तार और तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ निगरानी जारी रहेगी। खासकर रिहायशी इलाकों और भीड़भाड़ वाली सड़कों पर इस तरह बाइक चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में 26 लाख रुपये की BMW बाइक को सीज किया जाना इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब युवक को बाइक के मॉडिफिकेशन और यातायात नियमों के उल्लंघन को लेकर कानूनी प्रक्रिया का सामना करना होगा।
