मंडुवाडीह पुलिस की सक्रियता से महिला को वापस मिला खोया पर्स, मोबाइल व जरूरी दस्तावेज, पीड़िता ने जताया आभार

मंडुवाडीह पुलिस की सक्रियता से महिला को वापस मिला खोया पर्स, मोबाइल व जरूरी दस्तावेज, पीड़िता ने जताया आभार

वाराणसी (रणभेरी): मंडुवाडीह थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता का एक सराहनीय उदाहरण शुक्रवार को देखने को मिला, जब एक महिला का रास्ते में गुम हुआ पर्स कुछ ही समय के भीतर खोजकर उसे सुरक्षित वापस सौंप दिया गया। पर्स में मोबाइल फोन, महत्वपूर्ण पहचान पत्र और नगदी मौजूद थी, जिन्हें सकुशल बरामद कर महिला के हवाले कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर जनपद के चुनार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रैपुरिया निवासी प्रिया सिंह, पत्नी चंदन कुमार सिंह, किसी कार्य से वाराणसी आई थीं। इस दौरान मंडुवाडीह चौराहे के आसपास उनका पर्स कहीं खो गया। काफी तलाश करने के बाद भी जब पर्स का कोई पता नहीं चला तो उन्होंने मंडुवाडीह थाना पुलिस से संपर्क कर पूरी घटना की जानकारी दी।

महिला की सूचना मिलते ही मंडुवाडीह थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल खोज अभियान शुरू किया। महिला उपनिरीक्षक नेहा परवीन ने आसपास के क्षेत्र में सक्रियता के साथ तलाश कराई और आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस के प्रयासों के चलते कुछ ही समय में महिला का खोया हुआ पर्स बरामद कर लिया गया।

बरामद पर्स की जांच करने पर उसमें रखा मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज और नगदी सुरक्षित मिली। इसके बाद पुलिस ने सभी सामान का सत्यापन कर उसे विधिवत प्रिया सिंह को सौंप दिया।

अपना खोया हुआ सामान सुरक्षित वापस मिलने पर प्रिया सिंह ने राहत की सांस ली और मंडुवाडीह थाना पुलिस की कार्यप्रणाली की खुलकर सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से महिला उपनिरीक्षक नेहा परवीन की तत्परता, संवेदनशीलता और जिम्मेदार कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस त्वरित और जनहितकारी कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी कार्यशैली से आम जनता का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत होता है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि समय पर की गई कार्रवाई और संवेदनशील व्यवहार पुलिस की सकारात्मक छवि को और सुदृढ़ करता है।

मंडुवाडीह पुलिस की यह पहल इस बात का उदाहरण है कि यदि किसी घटना की सूचना समय पर पुलिस को दी जाए तो तत्पर कार्रवाई के माध्यम से लोगों की समस्याओं का शीघ्र समाधान संभव है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *