नई सड़क में होटल आग कांड के बाद प्रशासन सख्त, होटल पर लगा ताला

नई सड़क में होटल आग कांड के बाद प्रशासन सख्त, होटल पर लगा ताला

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के नई सड़क इलाके में हाल ही में हुए आग हादसे के बाद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। जिस होटल में रविवार को भीषण आग लगी थी, उसे अब पुलिस ने सील कर दिया है। यह आग पास स्थित कपड़े की दुकान से फैलकर होटल तक पहुंची थी, जिसके ऊपर एक पेइंग गेस्ट हाउस भी संचालित हो रहा था।

बताया जा रहा है कि आग लगने के समय होटल में अलग-अलग राज्यों से आए पर्यटक ठहरे हुए थे, जो अचानक फैली आग के कारण फंस गए। मौके पर स्थानीय लोगों, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मिलकर राहत और बचाव कार्य चलाया। काफी प्रयास के बाद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

शॉर्ट सर्किट बना आग का कारण

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि होटल के एसी में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी, जो तेजी से पूरे भवन में फैल गई। इस घटना में कुछ लोग झुलस गए थे, जिनमें से कुछ को गंभीर और कुछ को हल्की चोटें आईं। सभी घायलों का इलाज कर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

लापरवाही पर कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में होटल प्रबंधन की लापरवाही सामने आई है। इसी आधार पर होटल को बंद कर ताला लगा दिया गया है। साथ ही मामले की विस्तृत रिपोर्ट के लिए प्रशासन और पर्यटन विभाग से जानकारी मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई, जिसमें होटल को स्थायी रूप से सील करना भी शामिल है, की जाएगी।

अग्नि सुरक्षा पर उठे सवाल

फायर विभाग ने भी होटल में पर्याप्त अग्नि सुरक्षा व्यवस्था न होने पर नोटिस जारी किया है और जवाब मांगा है। जांच अभी जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

आसपास के होटल भी जांच के दायरे में

घटना के बाद पास स्थित एक अन्य पुराने होटल को भी नोटिस दिया गया है। प्रशासन ने वहां मौजूद अग्नि सुरक्षा उपायों की जानकारी मांगी है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उस पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इस पूरे मामले के बाद नई सड़क क्षेत्र में होटल और गेस्ट हाउस की सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *