(रणभेरी): कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा इलाके में हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके पुर्जे कई फीट दूर तक बिखर गए।
पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो में कुल 12 लोग सवार थे। सभी हरियाणा के सिरसा से बिहार और झारखंड अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद वाहन में सवार लोग अंदर ही फंस गए और काफी देर तक बाहर नहीं निकल सके। सूचना मिलने पर पुलिस, राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और गैस कटर की मदद से वाहन को काटकर घायलों को बाहर निकाला।
दुर्घटना में तीन लोगों की गई जान
इस हादसे में हरियाणा के सिरसा निवासी टैक्सी चालक बजरंग (45 वर्ष), बिहार के गया निवासी दिलकुश कुमार (11 वर्ष) तथा उसकी बहन नेहा (15 वर्ष) की मौके पर ही मृत्यु हो गई। तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

घायलों में शामिल नरेश मांझी और उनकी पत्नी सावित्री देवी की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों का इलाज कानपुर के हैलट अस्पताल में चल रहा है।
वाहन के उड़ गए परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी अधिक थी। तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो की छत अलग हो गई और वाहन के कई हिस्से लगभग 15 से 20 फीट दूर तक जा गिरे।
हादसे के बाद वाहन में बैठे लोग बुरी तरह फंस गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। बचाव कार्य के दौरान गैस कटर की सहायता से वाहन को काटकर घायलों को बाहर निकाला गया।

पहले कांशीराम अस्पताल, फिर हैलट रेफर
सभी घायलों को पहले कांशीराम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल नौ लोगों को बेहतर इलाज के लिए हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार दो घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है, जबकि अन्य मरीजों की हालत पहले से बेहतर बताई जा रही है। कई घायलों के शरीर में गंभीर चोटें और फ्रैक्चर पाए गए हैं।
सर्विस लेन में खड़ा था ट्रक
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ट्रक राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस लेन में खड़ा था। उसी दौरान पीछे से आ रही स्कॉर्पियो सीधे ट्रक में जा भिड़ी। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीछा कर लगभग 13 किलोमीटर दूर तिवारीपुर ओवरब्रिज के पास ट्रक और उसके चालक को पकड़ लिया। गिरफ्तार चालक की पहचान आदर्श सिंह, निवासी मिर्जापुर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह ट्रक खड़ा कर आराम कर रहा था। हादसा होने के बाद घबराहट में वहां से निकल गया।

दो परिवार और टैक्सी चालक पिता-पुत्र थे सवार
जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो में दो अलग-अलग परिवार सफर कर रहे थे। पहला परिवार झारखंड के चतरा जिले का रहने वाला था। इसमें वकील यादव, उनकी पत्नी कविता कुमारी तथा उनकी दो बेटियां अनीशा (10 वर्ष) और रिया (8 वर्ष) शामिल थीं। दूसरा परिवार बिहार के गया जिले के धमना क्षेत्र के खपिया गांव का रहने वाला था। इस परिवार में नरेश मांझी, उनकी पत्नी सावित्री देवी, बेटियां स्नेहा और नेहा तथा बेटा दिलकुश कुमार यात्रा कर रहे थे। दोनों परिवारों ने हरियाणा से अपने गृह राज्यों तक जाने के लिए एक ही टैक्सी बुक की थी।
रविवार रात शुरू हुई थी यात्रा
पुलिस के अनुसार रविवार रात करीब नौ बजे हरियाणा के सिरसा जिले के डिग बड्डी गांव से टैक्सी चालक बजरंग अपने बेटे हिमांशु के साथ यात्रियों को लेकर निकले थे। पूरी रात यात्रा के दौरान सोमवार सुबह कानपुर के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पत्नी को पुलिस ने दी सूचना
मृतक चालक बजरंग की पत्नी ज्योति ने बताया कि उनके पति और बेटा टैक्सी चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। रविवार रात वे बिहार के गया जिले के लिए यात्रियों को लेकर निकले थे। सोमवार सुबह पुलिस के माध्यम से दुर्घटना और पति की मृत्यु की जानकारी मिली।
हादसे में घायल हुए लोग
दुर्घटना में नरेश मांझी (40), सावित्री देवी (31), स्नेहा (8), वकील यादव (35), रिया (8), अनीशा (10), कविता कुमारी, हिमांशु (22) तथा केसर भारती (28) घायल हुए हैं। सभी का उपचार हैलट अस्पताल में जारी है।
डीएम ने अस्पताल पहुंचकर लिया हालचाल
घटना की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह हैलट अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर इलाज की जानकारी ली। अधिकारियों ने अस्पताल प्रशासन को सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि दो मरीजों की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जबकि अन्य घायल खतरे से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को हर संभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
डॉक्टरों ने दी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी
हैलट अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. सौरभ अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल में कुल नौ घायल भर्ती किए गए हैं। इनमें दो मरीजों को गंभीर हालत के चलते आईसीयू में रखा गया है। अन्य घायलों का उपचार विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में जारी है।
पुलिस कर रही जांच
अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि महाराजपुर थाना क्षेत्र में हुई इस दुर्घटना की विस्तृत जांच कराई जा रही है। मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है तथा हादसे के सभी पहलुओं की जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
