लखनऊ में बिजली कटौती पर बवाल: सड़क से पावर हाउस तक हंगामा, कई इलाकों में जाम और प्रदर्शन

लखनऊ में बिजली कटौती पर बवाल: सड़क से पावर हाउस तक हंगामा, कई इलाकों में जाम और प्रदर्शन

(रणभेरी): राजधानी में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों का गुस्सा भड़का दिया। गुरुवार सुबह शहर के अलग-अलग हिस्सों में लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सबसे बड़ा प्रदर्शन मोहन रोड स्थित बुद्धेश्वर चौराहे के पास देखने को मिला, जहां स्थानीय लोगों ने करीब दो घंटे तक सड़क पर धरना देकर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।

स्थिति इतनी बिगड़ गई कि आगरा एक्सप्रेस-वे की ओर जाने वाले वाहनों को तिकुनिया रोड की तरफ मोड़ना पड़ा। लंबे जाम के कारण यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।

कई दिनों से बिजली संकट से परेशान लोग सड़क पर उतरे

जनता विहार, बादलखेड़ा और आसपास की कॉलोनियों में पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनभर में मुश्किल से कुछ घंटे ही बिजली मिल पा रही है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा शामिल हुए। लोगों ने आरोप लगाया कि लगातार बिजली कटौती से पानी की सप्लाई भी ठप हो गई है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी नाराजगी में लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया।

लखनऊ में बिजली कटौती पर बवाल: सड़क से पावर हाउस तक हंगामा, कई इलाकों में जाम और प्रदर्शन

मोहन रोड पर लंबा जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा

मोहन रोड पर प्रदर्शन के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालात बिगड़ते देख पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक डायवर्ट कराया गया। काफी समझाने-बुझाने के बाद प्रदर्शनकारी सड़क से हटे और यातायात बहाल हो सका।

रातभर पावर हाउसों पर हंगामा

बुधवार रात शहर के कई पावर हाउसों पर भी लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उतरेठिया न्यू और ओल्ड पावर हाउस पर देर रात सैकड़ों लोग पहुंच गए और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

स्थानीय लोगों का आरोप था कि लंबे समय से बिजली नहीं आने के कारण वे परेशान हैं। कुछ लोगों ने यह भी दावा किया कि हंगामे के दौरान बिजली विभाग के कई कर्मचारी और अधिकारी पावर हाउस छोड़कर चले गए। सूचना पर पुलिस पहुंची और लोगों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी बिजली आपूर्ति बहाल होने तक वहां डटे रहे।

फैजुल्लागंज में तनाव, पुलिस पर लाठी फटकारने का आरोप

फैजुल्लागंज क्षेत्र में भी बिजली कटौती को लेकर देर रात लोगों ने पावर हाउस का घेराव किया। करीब दस घंटे तक बिजली नहीं आने से नाराज लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए सख्ती दिखाई और लाठियां फटकारकर लोगों को वहां से खदेड़ा। हालांकि प्रशासन की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

नादरगंज में केबल जलने से सप्लाई ठप

सरोजनीनगर क्षेत्र के नादरगंज पावर हाउस के पास एबीसी केबल में आग लगने से इलाके की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। घंटों तक सप्लाई बाधित रहने से उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ गई। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बिजली व्यवस्था पर अत्यधिक लोड होने के बावजूद समय रहते मरम्मत और रखरखाव नहीं किया जाता, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।

गोमती नगर विस्तार में लगातार तीसरे दिन दिक्कत

गोमती नगर विस्तार सेक्टर-5 में स्थित पावर हाउस में लगातार तीसरे दिन केबल खराब होने की समस्या सामने आई। देर रात बिजली गुल होने पर लोग पावर हाउस पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया। क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया और जल्द स्थायी समाधान की मांग की।

लखनऊ में बिजली कटौती पर बवाल: सड़क से पावर हाउस तक हंगामा, कई इलाकों में जाम और प्रदर्शन

बीबीएयू क्षेत्र में जेई से तीखी बहस

बीबीएयू पावर हाउस से जुड़े इलाकों में भी देर रात बिजली बाधित रही। नाराज लोग पावर हाउस पहुंच गए और कर्मचारियों से बहस करने लगे। लोगों का कहना था कि अगर पूरी आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकती तो स्पष्ट जानकारी दी जाए, ताकि उपभोक्ता लगातार परेशानी में न रहें।

लाइन की मरम्मत के दौरान संविदाकर्मी की मौत

इस बीच फैजुल्लागंज उपकेंद्र में एक दर्दनाक हादसा भी सामने आया। संविदा पर कार्यरत लाइनमैन उदय राज की हाईटेंशन लाइन पर काम करते समय करंट लगने से मौत हो गई। बताया गया कि वह ट्रांसफार्मर की मरम्मत करने गया था। इसी दौरान तेज करंट लगने से वह पोल से नीचे गिर पड़ा। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद बिजली कर्मचारियों में शोक का माहौल है।

लखनऊ में बिजली कटौती पर बवाल: सड़क से पावर हाउस तक हंगामा, कई इलाकों में जाम और प्रदर्शन

आज इन इलाकों में रहेगी बिजली कटौती

बिजली विभाग के अनुसार मरम्मत और तकनीकी कार्यों के चलते गुरुवार को शहर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। करामत मार्केट, इंदिरानगर, हुसैनाबाद, पुरनिया और पुराने लखनऊ के कई इलाकों में अलग-अलग समय पर बिजली बंद रहेगी। विभाग का कहना है कि फीडर और ट्रांसफार्मरों की मरम्मत के चलते यह कटौती की जा रही है। इससे करीब दो लाख लोगों पर असर पड़ सकता है।

पहले भी हो चुका है विरोध

इससे पहले मंगलवार रात भी कई पावर हाउसों पर लोगों ने हंगामा किया था। वहीं बुधवार को लखनऊ पश्चिम सीट से विधायक अरमान खान भी तालकटोरा पावर हाउस पहुंचे और बिजली संकट को लेकर धरने पर बैठ गए थे। लगातार बढ़ती गर्मी और बार-बार हो रही बिजली कटौती से राजधानी के लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। शहर के कई इलाकों में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *