वाराणसी कैंट स्टेशन के बाहर एंटी रोमियो टीम का एक्शन, अश्लील इशारे कर राहगीरों को परेशान करने के आरोप में 5 महिलाएं गिरफ्तार

वाराणसी कैंट स्टेशन के बाहर एंटी रोमियो टीम का एक्शन, अश्लील इशारे कर राहगीरों को परेशान करने के आरोप में 5 महिलाएं गिरफ्तार

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर राहगीरों को परेशान किए जाने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद शनिवार को एंटी रोमियो टीम ने बड़ी कार्रवाई की। कैंट रेलवे स्टेशन के सामने भारत पेट्रोल पंप के पास अभियान चलाकर पुलिस ने पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया। सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के मुताबिक, पिछले कई दिनों से कैंट स्टेशन और उसके आसपास कुछ महिलाओं द्वारा राहगीरों और यात्रियों को अश्लील इशारों से आकर्षित करने तथा सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित करने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के सत्यापन के बाद एंटी रोमियो टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।शनिवार शाम सूचना मिलने पर टीम ने पिलर संख्या-59 के पास स्थित भारत पेट्रोल पंप के निकट घेराबंदी कर कार्रवाई की। मौके पर संदिग्ध गतिविधियों की पुष्टि होने के बाद पांच महिलाओं को हिरासत में लेकर सिगरा थाने लाया गया। पूछताछ के बाद सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि क्षेत्र में इससे जुड़ा एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। पुलिस का दावा है कि इस गिरोह में 20 से अधिक महिलाओं के शामिल होने की आशंका है। अब पूरे नेटवर्क की पहचान कर अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने, अश्लील हरकतों से लोगों को परेशान करने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *