(रणभेरी): बॉलीवुड अभिनेत्री और आलिया भट्ट की करीबी दोस्त आकांक्षा रंजन जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। शादी से पहले शुक्रवार को मुंबई में उनकी मेहंदी और संगीत सेरेमनी का आयोजन किया गया, जिसमें फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे शामिल हुए। समारोह में ग्लैमर और दोस्ती का खास रंग देखने को मिला।
आकांक्षा रंजन की खुशी में शामिल होने के लिए आलिया भट्ट, सोनाक्षी सिन्हा, जान्हवी कपूर, वाणी कपूर और सिंगर गुरु रंधावा समेत कई कलाकार पहुंचे। इस खास मौके पर आलिया भट्ट ने अपनी दोस्त के लिए शानदार डांस परफॉर्मेंस भी दी, जिसका वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

बताया जा रहा है कि आलिया ने अपनी परफॉर्मेंस के दौरान शाहरुख खान की लोकप्रिय फिल्म ‘कल हो ना हो’ के चर्चित गाने ‘माही वे’ पर डांस किया। इस प्रस्तुति में आलिया के साथ आकांक्षा की बहन अनुष्का रंजन, अभिनेता आदित्य सील और अभिनेत्री वाणी कपूर भी शामिल रहे। दोस्तों के साथ आलिया की यह खास प्रस्तुति समारोह का आकर्षण बन गई।
ट्रेडिशनल अंदाज में नजर आईं आलिया
संगीत समारोह के लिए आलिया भट्ट ने अपने पहनावे में पारंपरिक और आधुनिक फैशन का खूबसूरत मेल दिखाया। उन्होंने पर्पल रंग की बनारसी साड़ी को अलग अंदाज में स्टाइल किया था। साड़ी के साथ उन्होंने स्लीक हेयर बन, हल्का मेकअप और आकर्षक जूलरी पहनी, जो उनके पूरे लुक को खास बना रही थी।
आलिया का यह सिंपल लेकिन एलिगेंट अंदाज सोशल मीडिया पर भी काफी पसंद किया जा रहा है। फैंस ने उनकी तस्वीरों पर जमकर प्रतिक्रिया दी और दोस्त की शादी में उनकी मौजूदगी को लेकर खुशी जाहिर की।

बचपन से है आलिया और आकांक्षा की दोस्ती
आलिया भट्ट और आकांक्षा रंजन की दोस्ती काफी पुरानी है। दोनों बचपन से एक-दूसरे के करीब रही हैं। कई मौकों पर दोनों को साथ देखा गया है। वे पार्टी, छुट्टियों और खास आयोजनों में अक्सर एक-दूसरे का साथ देती नजर आती हैं।
आकांक्षा की बहन अनुष्का रंजन की शादी के दौरान भी आलिया ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। उस समारोह में भी आलिया ने संगीत कार्यक्रम में शानदार डांस परफॉर्मेंस दी थी।

फिल्म परिवार से ताल्लुक रखती हैं आकांक्षा रंजन
आकांक्षा रंजन फिल्म और टेलीविजन जगत से जुड़े परिवार से आती हैं। उनके पिता शशि रंजन अभिनेता, निर्देशक और फिल्म संस्थान से जुड़े रहे हैं, जबकि उनकी मां अनु रंजन इंडियन टेलीविजन एकेडमी की संस्थापक हैं। आकांक्षा की बड़ी बहन अनुष्का रंजन की शादी अभिनेता आदित्य सील से हुई है। आदित्य सील फिल्म ‘तुम बिन 2’ समेत कई प्रोजेक्ट्स में नजर आ चुके हैं।
‘गिल्टी’ से शुरू हुआ था एक्टिंग करियर
आकांक्षा रंजन ने अपनी शुरुआती पढ़ाई व्हिस्लिंग वुड्स इंटरनेशनल स्कूल से की। उन्होंने साल 2020 में रिलीज हुई फिल्म ‘गिल्टी’ से अभिनय की शुरुआत की थी। इस फिल्म में कियारा आडवाणी मुख्य भूमिका में थीं।

इसके बाद आकांक्षा रंजन फिल्म ‘मोनिका, ओ माय डार्लिंग’ में भी दिखाई दीं। अभिनय के साथ-साथ वह फैशन और सोशल मीडिया पर भी अपनी पहचान बना चुकी हैं। फिलहाल आकांक्षा रंजन की शादी से जुड़े समारोहों में बॉलीवुड सितारों की मौजूदगी लगातार चर्चा में बनी हुई है। दोस्ती, संगीत और फिल्मी अंदाज से सजी यह सेरेमनी इंडस्ट्री के सबसे चर्चित कार्यक्रमों में शामिल हो गई है।
