(रणभेरी): टीवी अभिनेता रोहित चंदेल को नाबालिग से कथित तौर पर छेड़छाड़, पीछा करने और मारपीट के आरोपों के मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, अभिनेता के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें विशेष पॉक्सो अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें फिलहाल पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, मुंबई के पंत नगर पुलिस स्टेशन में एक नाबालिग लड़की की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अभिनेता लगातार फोन कॉल के जरिए लड़की से संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे। पीड़िता द्वारा कॉल का जवाब देना बंद करने के बाद कथित तौर पर दूसरे नंबरों से भी फोन किए गए।
पुलिस शिकायत के मुताबिक, 5 जुलाई को अभिनेता ने कथित रूप से लड़की को उसके घर के आसपास रोकने की कोशिश की। आरोप है कि विरोध करने पर दोनों के बीच बहस हुई, जिसके बाद गाली-गलौज और मारपीट की घटना का दावा शिकायत में किया गया है।
मामले में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के अलावा भारतीय न्याय संहिता की धारा 78 के तहत पीछा करने और धारा 115(2) के तहत चोट पहुंचाने के इरादे से हमला करने से जुड़े प्रावधानों में भी केस दर्ज किया है। पुलिस अब मामले की आगे जांच कर रही है।
कौन हैं रोहित चंदेल?
रोहित चंदेल टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं। उन्होंने कई लोकप्रिय धारावाहिकों में अहम भूमिकाएं निभाई हैं। स्टार प्लस के चर्चित सीरियल ‘पांड्या स्टोर’ में उन्होंने धवल मकवाना का किरदार निभाया था, जबकि जी टीवी के ऐतिहासिक शो ‘काशीबाई बाजीराव बल्लाल’ में वे बाजीराव की भूमिका में नजर आए थे।

महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले के शाहदा क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले रोहित का सफर अभिनय से पहले खेल के मैदान से शुरू हुआ था। वे क्रिकेट खेल चुके हैं और महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन से भी जुड़े रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने मार्शल आर्ट्स में भी अपने जिले का प्रतिनिधित्व किया था।
2015 में शुरू हुआ मुंबई का सफर
रोहित चंदेल साल 2015 में अभिनय की दुनिया में करियर बनाने के लिए मुंबई आए थे। शुरुआती समय में उन्हें काफी संघर्षों का सामना करना पड़ा। कई ऑडिशन देने के बाद उन्हें विज्ञापन जगत में पहला मौका मिला। इसके बाद उन्होंने टीवी शो ‘हर मुश्किल का हल अकबर बीरबल’ से छोटे पर्दे पर शुरुआत की।
इसके बाद रोहित कई चर्चित धारावाहिकों का हिस्सा बने। उन्होंने ‘चंद्रगुप्त मौर्य’, ‘तमन्ना’ और ‘ये उन दिनों की बात है’ जैसे शोज में काम किया। साल 2022 में वे डिज्नी+ हॉटस्टार की वेब सीरीज ‘एस्केप लाइव’ में भी दिखाई दिए, जिसमें उन्होंने राजकुमार का किरदार निभाया था।
‘काशीबाई बाजीराव बल्लाल’ और ‘पांड्या स्टोर’ जैसे सीरियल्स के जरिए उन्हें टीवी दर्शकों के बीच पहचान मिली। वह फिलहाल टीवी शो ‘सैराब’ में नजर आ रहे हफिलहाल पुलिस इस मामले में शिकायत, उपलब्ध साक्ष्यों और संबंधित पक्षों के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
