सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म ‘वन’ कानूनी विवाद में, गायक ने लगाया बिना अनुमति गाना इस्तेमाल करने का आरोप

सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म 'वन' कानूनी विवाद में, गायक ने लगाया बिना अनुमति गाना इस्तेमाल करने का आरोप

(रणभेरी):अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की आगामी फिल्म ‘वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ रिलीज से पहले ही कानूनी विवाद में घिर गई है। गायक और वोकलिस्ट सरगम वैश ने फिल्म के मेकर्स पर अपने ओरिजिनल गाने ‘ऐगिरी नंदिनी’ का बिना अनुमति इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। सरगम ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर फिल्म के ट्रेलर और प्रमोशनल सामग्री से अपना संगीत हटाने की मांग की है।

ट्रेलर में बिना अनुमति गाना इस्तेमाल करने का आरोप

सरगम वैश ने इंस्टाग्राम पर वीडियो और पोस्ट साझा कर दावा किया कि उन्होंने जब ‘वन’ का ट्रेलर देखा तो उसमें उनका ओरिजिनल गाना सुनाई दिया। उनका कहना है कि उन्होंने फिल्म के ट्रेलर या प्रमोशन के लिए अपने गाने के इस्तेमाल की कोई अनुमति नहीं दी थी।

गायक ने फिल्म की टीम से वैध लाइसेंस होने का प्रमाण देने और बिना अनुमति इस्तेमाल किए गए संगीत को हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कलाकार के काम का इस्तेमाल उसकी सहमति और अनुमति के साथ होना चाहिए।

म्यूजिक लेबल से डील का भी दिया हवाला

सरगम वैश ने बताया कि उनके इस गाने को लेकर पहले ही एक बड़े म्यूजिक लेबल के साथ करार हो चुका है। ऐसे में फिल्म के ट्रेलर में कथित तौर पर बिना अनुमति गाने का इस्तेमाल होने से उनके मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट पर असर पड़ने की आशंका है।

उन्होंने फिल्म के मेकर्स और पूरी टीम से इस मामले में संपर्क करने की अपील की है। साथ ही सोशल मीडिया यूजर्स से उनकी पोस्ट को ज्यादा से ज्यादा शेयर करने को कहा है।

मांग पूरी नहीं हुई तो कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

सरगम वैश ने चेतावनी दी है कि अगर ट्रेलर और प्रमोशनल सामग्री से उनका संगीत नहीं हटाया गया तो उनकी लीगल टीम आगे की कार्रवाई करेगी। हालांकि, सरगम के आरोपों पर अभी तक फिल्म के मेकर्स, निर्देशक या प्रोडक्शन हाउस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

25 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म

दीपक कुमार मिश्रा और अरुणाभ कुमार के निर्देशन में बनी ‘वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ जंगल, भारतीय लोककथाओं, रहस्य और पौराणिक कथाओं की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा सुनील ग्रोवर, मनीष पॉल, श्वेता तिवारी और अनूप सोनी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

‘मिर्जापुर द मूवी’ पर भी लग चुका है ऐसा आरोप

गानों के कथित अनधिकृत इस्तेमाल को लेकर हाल में ‘मिर्जापुर द मूवी’ भी विवादों में रही थी। सिंगर रापेरिया बालम ने आरोप लगाया था कि फिल्म के मेकर्स ने उनकी अनुमति के बिना उनका गाना ‘शूरवीर’ इस्तेमाल किया। उन्होंने फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी को कानूनी नोटिस भेजकर गाना हटाने और बिना शर्त माफी मांगने की मांग की थी। साथ ही उन्होंने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने के बदले स्कूल बनवाने की मांग भी रखी थी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *