(रणभेरी): गुजरात में खेड़ा जिले के कपडवंज में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक अवैध पटाखा फैक्टरी में अचानक धमाका हो गया।हादसे में छह लोग घायल हो गए, जिनमें से दो मजदूर गंभीर हैं। उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। यह घटना सुबह लगभग 9:30 बजे की बताई जा रही है। धमाका इतना तीव्र था कि आसपास के कई गांवों में लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए और धरती के कंपन जैसा एहसास हुआ।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार विस्फोट की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद फैक्ट्री परिसर में तुरंत आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में आसमान में घना धुआं फैल गया, जिसे दूर-दराज के इलाकों से भी देखा जा सकता था।

मजदूरों में मची भगदड़, छह घायल
घटना के समय परिसर में लगभग 5 से 6 मजदूर काम कर रहे थे। विस्फोट के बाद वहां भगदड़ मच गई। हादसे में कुल छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल मजदूरों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि कुछ को आगे के इलाज हेतु नडियाद और अहमदाबाद रेफर किया गया है।
पुलिस और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ-साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश की गई।

स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में यह संदेह जताया जा रहा है कि इकाई बिना आवश्यक अनुमति के संचालित की जा रही थी।
अवैध संचालन की आशंका
अधिकारियों के अनुसार फैक्ट्री के संचालन से जुड़ी कई जानकारियां अभी स्पष्ट नहीं हैं, जैसे कि यह इकाई कितने समय से चल रही थी और इसके पास वैध अनुमति थी या नहीं। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना के बाद इलाके में लोगों में नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी बड़ी फैक्ट्री गांव के पास चल रही थी, लेकिन प्रशासन को इसकी जानकारी कैसे नहीं हुई। यह भी सवाल उठाया जा रहा है कि परिसर में अलग से ट्रांसफार्मर और बिजली कनेक्शन कैसे स्वीकृत हुआ।
स्थानीय लोगों के अनुसार फैक्ट्री का मालिक अहमदाबाद में रहता है और घटना के बाद अब तक घटनास्थल पर नहीं पहुंचा है। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घायलों के उपचार पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।
