घर में घुसे सांप को मारने के बाद युवक ने किया खतरनाक स्टंट, मुंह में डालकर खेलता रहा, फिर बिगड़ी हालत

घर में घुसे सांप को मारने के बाद युवक ने किया खतरनाक स्टंट, मुंह में डालकर खेलता रहा, फिर बिगड़ी हालत

(रणभेरी): उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां घर में घुसे सांप को मारने के बाद एक व्यक्ति ने उसके साथ खतरनाक स्टंट किए और बाद में उसकी तबीयत बिगड़ गई। घटना नहटौर थाना क्षेत्र के शादीपुर गांव की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी करीब 42 वर्षीय सलीम, जो मजदूरी का काम करता है, गुरुवार देर रात अपने घर में घुसे एक सांप से सामना हुआ। परिवार के मुताबिक, उसने किसी तरह उस सांप को मार दिया। लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने सभी को चौंका दिया।

बताया जा रहा है कि सलीम ने मरे हुए सांप के साथ लापरवाही और मजाक में वीडियो बनवाते हुए कई खतरनाक हरकतें कीं। वीडियो में वह बार-बार सांप को मुंह में डालते, उसे दांतों से दबाते और यहां तक कि उसके शरीर को अपने सिर पर लपेटते हुए दिखाई दे रहा है। यह पूरा घटनाक्रम वहां मौजूद लोगों ने रिकॉर्ड कर लिया।

कुछ ही देर बाद सलीम की हालत अचानक बिगड़ने लगी। उसे चक्कर आने लगे और वह जमीन पर गिर पड़ा। परिजनों ने पहले इसे सामान्य समझकर घरेलू उपचार और झाड़-फूंक का सहारा लिया, जिससे इलाज में देरी हो गई।

जब स्थिति गंभीर हुई तो परिजन उसे नहटौर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बिजनौर के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उसकी हालत देखते हुए एंटी-स्नेक वेनम इंजेक्शन लगाए।

चिकित्सकों के अनुसार, शरीर पर सांप के काटने के स्पष्ट निशान नहीं मिले, लेकिन एहतियात के तौर पर इलाज किया गया। देर रात करीब 10:45 बजे अस्पताल पहुंचने के बाद इलाज शुरू हुआ और स्थिति में सुधार होने पर शुक्रवार तड़के मरीज को छुट्टी दे दी गई।

अस्पताल प्रशासन से जुड़े एक चिकित्सक ने बताया कि परिजनों ने प्रारंभ में सांप द्वारा काटे जाने की आशंका जताई थी, हालांकि जांच में काटने के निशान नहीं मिले। डॉक्टरों ने कहा कि सावधानी के तौर पर एंटी-वेनम डोज दिए गए और मरीज की हालत स्थिर होने पर उसे घर भेज दिया गया। इस घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है और लोग इसे गंभीर लापरवाही का मामला बता रहे हैं। परिजनों के अनुसार, अब सलीम की हालत में सुधार है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *