वाराणसी (रणभेरी) : वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक महिला के मोबाइल टावर पर चढ़ने से हड़कंप मच गया। घरेलू विवाद से नाराज महिला टावर के सबसे ऊपरी हिस्से तक पहुंच गई। उसे इतनी ऊंचाई पर देखकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। करीब 45 मिनट तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और ग्रामीणों की मदद से महिला को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
घटना माधोपुर इलाके की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक मुड़ादेव गांव निवासी अंजली का अपने पति अजीत से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। कहासुनी के बाद वह नाराज होकर घर से निकल गई। कुछ देर बाद वह माधोपुर स्थित मोबाइल टावर के पास पहुंची और अचानक उस पर चढ़ने लगी।
शुरुआत में लोगों ने सोचा कि महिला थोड़ी देर बाद खुद ही नीचे उतर आएगी, लेकिन वह लगातार ऊपर चढ़ती चली गई। देखते ही देखते वह टावर के काफी ऊंचे हिस्से तक पहुंच गई। नीचे मौजूद लोग उसे आवाज लगाकर रोकने की कोशिश करते रहे, मगर वह नहीं मानी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टावर पर पहुंचने के बाद महिला जोर-जोर से चिल्लाने लगी। वह नीचे खड़े लोगों को अपने घर-परिवार की बातें बताती रही और पति से चल रहे विवाद की शिकायत करती रही। महिला को टावर पर देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। कई लोग उसे समझाने में लगे रहे, जबकि कुछ लोग मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आए।
सूचना मिलते ही रोहनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से महिला को शांत कराने की कोशिश शुरू की। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद महिला नीचे उतरने को तैयार हुई।
महिला के सुरक्षित नीचे आते ही वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने उसे परिजनों के साथ घर भेज दिया।
बताया जा रहा है कि अंजली और अजीत ने प्रेम विवाह किया था और पिछले कुछ समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी तनाव में महिला ने यह कदम उठा लिया।
घटना के बाद पूरे इलाके में दिनभर इस मामले की चर्चा होती रही। ग्रामीणों का कहना था कि समय रहते महिला को नीचे नहीं उतारा जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
