गाजियाबाद में युवक की गोली मारकर हत्या, लोनी नहर किनारे मिला शव

गाजियाबाद में युवक की गोली मारकर हत्या, लोनी नहर किनारे मिला शव

पांच गोलियां दागकर उतारा मौत के घाट, पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका

(रणभेरी): गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र में 21 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव बंथला नहर के पास एक ट्यूबवेल के निकट पड़ा मिला। मृतक के सिर, कनपटी और सीने में पांच गोलियां मारी गई थीं। मौके से पुलिस को बियर की चार केन, एक बैग और अन्य सामान बरामद हुआ है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

नौकरी की तलाश में निकला था युवक

मृतक की पहचान डोला गांव निवासी नितिन के रूप में हुई है। परिवार के अनुसार नितिन घर पर रहकर यूपी पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। बुधवार को वह प्राइवेट नौकरी की तलाश में गुरुग्राम जाने के लिए घर से निकला था। गांव का रहने वाला विपिन उसे बाइक से टटीरी रेलवे स्टेशन तक छोड़ने गया था।

परिजनों ने बताया कि देर रात लोनी पुलिस की ओर से फोन कर नितिन का शव मिलने की सूचना दी गई। खबर मिलते ही परिवार और ग्रामीण घटनास्थल पहुंचे, जहां शव की पहचान की गई। युवक की हत्या की सूचना मिलते ही गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।

गाजियाबाद में युवक की गोली मारकर हत्या, लोनी नहर किनारे मिला शव

युवती को लिफ्ट देने के बाद शुरू हुई रंजिश

मृतक के बड़े भाई चांद का आरोप है कि कुछ महीने पहले गांव की एक युवती अपनी मर्जी से किसी युवक के साथ चली गई थी। उस दौरान युवती ने नितिन से गांव के बाहर तक छोड़ने के लिए मदद मांगी थी। नितिन ने उसे बाइक से बाहर तक पहुंचा दिया था। इसी घटना के बाद से युवती के परिजन नितिन से रंजिश रखने लगे थे।

परिवार का आरोप है कि युवती के भाइयों ने कई बार नितिन को जान से मारने की धमकी दी थी। परिजनों के मुताबिक मामला बाद में शांत हो गया था और युवती भी वापस मिल गई थी, लेकिन धमकियां बंद नहीं हुईं। इसी वजह से नितिन को लंबे समय तक घर से बाहर निकलने नहीं दिया जाता था।

हत्या से पहले से थी साजिश की आशंका

ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी पक्ष पिछले दो महीनों से गांव में कम दिखाई दे रहा था। बताया जा रहा है कि उन्होंने गांव के पास स्थित अपनी जमीन और मकान भी बेच दिए थे। इससे लोगों को पहले से किसी बड़ी साजिश की आशंका लग रही थी।

परिवार ने दावा किया कि घटना वाले दिन शाम के समय आरोपी पक्ष की ओर से गांव में फोन कर घटना की जानकारी लेने की कोशिश भी की गई थी। इसके कुछ देर बाद पुलिस ने हत्या की सूचना दी।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

परिवार ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि नितिन की हत्या पुरानी दुश्मनी के चलते की गई है। परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

मृतक के भाई ने कहा कि जब तक आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक परिवार शांत नहीं बैठेगा। ग्रामीणों के साथ परिजन धरने पर बैठ गए और शव गांव ले जाने से इनकार कर दिया।

धरने पर बैठे ग्रामीण, पुलिस ने मांगा समय

गाजियाबाद पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया। सिंघावली अहीर थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से बातचीत कर कार्रवाई के लिए दो दिन का समय मांगा। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और संदिग्धों की गतिविधियों को खंगाला जा रहा है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *