बनारस रेलवे स्टेशन पर शुरू हुई डिजिटल मार्गदर्शक सुविधा

बनारस रेलवे स्टेशन पर शुरू हुई डिजिटल मार्गदर्शक सुविधा

क्यूआर कोड से मिलेगी हर जानकारी, प्लेटफॉर्म 8 पर टच स्क्रीन सिस्टम

वाराणसी (रणभेरी) : इंडियन रेलवे के अंतर्गत बनारस रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए डिजिटल मार्गदर्शक प्रणाली शुरू की गई है। अब स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर और अन्य सुविधाओं की जानकारी के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।

नई व्यवस्था के तहत प्लेटफॉर्म नंबर आठ पर विशाल टच स्क्रीन सिस्टम लगाया गया है। साथ ही क्यूआर कोड स्कैन करते ही यात्रियों के मोबाइल पर स्टेशन का डिजिटल नक्शा खुल जाएगा, जिसमें गूगल मैप आधारित ऑडियो-वीडियो मार्गदर्शन उपलब्ध होगा। इसके जरिए यात्री आसानी से टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय, पार्किंग, फूड स्टॉल, एस्केलेटर और अन्य सेवाओं तक पहुंच सकेंगे

रेल प्रशासन के अनुसार इस प्रणाली में यात्री प्रतीक्षालय, पानी बूथ, जन आहार, डोरमेट्री, एसी लाउंज, बेबी फीडिंग रूम, आरपीएफ-जीआरपी थाने और पूछताछ केंद्र जैसी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी शामिल की गई है। इसके अलावा दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष ऑडियो-विजुअल मार्गदर्शन और व्हीलचेयर सहायता की भी व्यवस्था की गई है।

बनारस रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन वंदे भारत और अन्य प्रमुख ट्रेनों सहित लगभग 38 ट्रेनें संचालित होती हैं और यहां हजारों यात्री सफर करते हैं। ऐसे में यह डिजिटल प्रणाली यात्रियों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रही है। रेल अधिकारियों ने बताया कि यह सुविधा विशेष रूप से पहली बार आने वाले यात्रियों के लिए मददगार होगी। इसके माध्यम से स्टेशन परिसर में सुरक्षित, तेज और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *