वाराणसी (रणभेरी): तुलसी घाट पर मंगलवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में 21 वर्षीय युवक की गंगा में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू की। काफी प्रयासों के बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाला गया।
मृत युवक की पहचान गाजीपुर जिले के रेवतीपुर क्षेत्र निवासी तुषार राय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तुषार अपने दोस्तों के साथ बाबा दर्शन के लिए काशी आया था। सभी लोग पहले गंगा स्नान करने और उसके बाद काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन का कार्यक्रम बनाए हुए थे।

जानकारी के अनुसार मंगलवार भोर करीब तीन बजे सभी साथी तुलसी घाट पहुंचे। स्नान के दौरान तुषार घाट पर सुरक्षा के लिए लगाई गई जेटी को पार कर आगे गहरे पानी की ओर चला गया। वहां मौजूद लोगों ने उसे रोकने की कोशिश भी की, लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इन दिनों गंगा का जलस्तर सामान्य से कम है, जिससे लोग काफी दूर तक पानी में चले जाते हैं। तुषार भी धीरे-धीरे गहरे हिस्से में पहुंच गया, जहां अचानक संतुलन बिगड़ने के बाद वह डूबने लगा। साथियों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवक का शव बाहर निकाला गया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
