(रणभेरी): Prayagraj में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां एक आठ वर्षीय मासूम बच्ची की कथित तौर पर उसके ही रिश्तेदारों ने निर्मम हत्या कर दी। बच्ची का शव पड़ोसी रिश्तेदार के घर में बने भूसे वाले कमरे से बरामद हुआ। शव पर कई गहरे जख्म मिले हैं। पुलिस ने मामले में परिवार के कई लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
घर के बाहर खेलते समय अचानक गायब हुई बच्ची
मामला करछना क्षेत्र के व्योहरा गांव का बताया जा रहा है। गांव निवासी सुनील चौधरी मजदूरी और राजमिस्त्री का काम करते हैं। उनके परिवार में पत्नी इंदु देवी और चार बच्चे हैं। मृत बच्ची जान्हवी परिवार की सबसे बड़ी बेटी थी और गांव के ही स्कूल में कक्षा दो की छात्रा थी।

परिजनों के मुताबिक सोमवार की शाम करीब छह बजे जान्हवी घर के बाहर खेल रही थी। कुछ देर बाद वह अचानक लापता हो गई। परिवार वालों ने पहले आसपास तलाश की, फिर पूरे गांव में खोजबीन शुरू कर दी, लेकिन बच्ची का कहीं पता नहीं चला। रात गहराने के साथ परिवार की चिंता बढ़ती चली गई।
आधी रात को मिली खौफनाक सूचना
करीब रात 12 बजे बच्ची के चचेरे भाई ने परिवार को सूचना दी कि जान्हवी का शव उनके घर के अंदर पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही बच्ची के माता-पिता और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। वहां का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। भूसे के कमरे में बच्ची खून से लथपथ हालत में पड़ी थी। उसके गले पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। सीने और पेट पर भी कई वार किए गए थे। मासूम की हालत देखकर मां बदहवास होकर वहीं गिर पड़ी।
पुलिस को पहले घर में घुसने नहीं दिया गया
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। आरोप है कि शुरुआत में आरोपी पक्ष ने पुलिस को घर के अंदर जाने से रोकने की कोशिश की। बताया गया कि घर के बुजुर्ग ने पुलिस से कहा कि अंदर कोई नहीं है और बच्ची भी वहां मौजूद नहीं है। कुछ देर बाद पुलिस दोबारा पहुंची और सख्ती दिखाते हुए घर के भीतर दाखिल हुई। तलाशी के दौरान भूसे वाले कमरे से बच्ची का शव बरामद किया गया। इसके बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
पूछताछ में सामने आई चौंकाने वाली बात
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती पूछताछ में पता चला कि बच्ची को उसका चचेरा भाई बहाने से अपने घर ले गया था। आरोप है कि वहां उसे मोबाइल पर आपत्तिजनक वीडियो दिखाया जा रहा था। इसी दौरान आरोपी युवक की मां भी कमरे में पहुंच गई। पुलिस का कहना है कि दोनों को डर था कि बच्ची यह बात घरवालों को बता देगी। इसी आशंका में बच्ची की हत्या कर दी गई। आरोपियों ने धारदार हंसिए से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
पांच लोग हिरासत में, मुख्य आरोपी फरार
मामले में पुलिस ने बच्ची के रिश्तेदारों समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें आरोपी युवक के माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं मुख्य आरोपी घटना के बाद से फरार है। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद कई अहम तथ्य और स्पष्ट होंगे।
मां बोली- मेरी बेटी को बहाने से बुलाया गया था
मृत बच्ची की मां इंदु देवी ने आरोप लगाया कि पड़ोस के रिश्तेदार अक्सर उनकी बेटी को अपने घर बुला लेते थे। घटना वाले दिन भी उसे पैसे और खाने का लालच देकर बुलाया गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। उन्होंने कहा कि परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि रिश्तेदारी के भीतर ही इतनी भयावह साजिश रची जा सकती है।
दादी का छलका दर्द
जान्हवी की दादी ने रोते हुए कहा कि जिस तरह उनकी पोती ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ा, उसी तरह दोषियों को भी कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, फिर भी उनकी मासूम बच्ची को बेरहमी से मार दिया गया।
गांव में दहशत और आक्रोश
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों में आरोपियों के खिलाफ भारी गुस्सा देखा जा रहा है। लोग मासूम बच्ची के हत्यारों को सख्त से सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
