वाराणसी (रणभेरी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर रहेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत वह नमो घाट पहुंचकर वायुसेना के एयर शो का अवलोकन करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री करीब 30 हजार युवाओं के बीच पहुंचकर ‘जेन-जी’ संवाद कार्यक्रम में हिस्सा ले सकते हैं।
युवाओं के इस कार्यक्रम के लिए काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) और संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में से किसी एक स्थान को चुने जाने पर विचार चल रहा है। कार्यक्रम में 18 से 25 वर्ष की आयु वर्ग के युवाओं की बड़ी भागीदारी प्रस्तावित है। आयोजन को युवा-केंद्रित बनाने के लिए प्रतिभागियों के ड्रेस कोड में जींस और टी-शर्ट रखने की तैयारी है।
नमो घाट पर दिखेगा आसमान में शक्ति प्रदर्शन
प्रधानमंत्री के वाराणसी पहुंचने के बाद नमो घाट पर एयर शो आयोजित किया जाएगा। इसमें राफेल समेत करीब 90 लड़ाकू विमान और अन्य सैन्य विमान अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। इन विमानों के बाबतपुर एयरपोर्ट और प्रयागराज की ओर से उड़ान भरने की योजना है।
एयर शो के दौरान रक्षा क्षेत्र के शीर्ष अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी भी प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) तथा तीनों सेनाओं के प्रमुखों के शामिल होने की संभावना है।
भाजपा संगठन ने शुरू की तैयारियां
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर भाजपा की क्षेत्रीय, जिला और महानगर इकाइयों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। युवाओं की भागीदारी से लेकर कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं तक विभिन्न स्तरों पर तैयारियों को अंतिम रूप देने की कवायद चल रही है। सुरक्षा एजेंसियां भी संभावित कार्यक्रम स्थलों और आसपास के इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रही हैं।
काशी में एयर शो 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री 25 अक्टूबर को होने वाले अंतिम चरण के एयर शो में शामिल होंगे। हालांकि, कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा और आयोजन स्थल को लेकर अंतिम निर्णय आधिकारिक स्तर पर होना बाकी है।
