- दीनदयाल अस्पताल में शोपीस बने एसी, गर्मी में मरीज बेहाल
- पैसे देकर भी सुविधा न मिलने पर तीमारदारों में नाराजगी, प्रबंधन पर सवाल
वाराणसी (रणभेरी): भीषण गर्मी के बीच पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में मरीजों और तीमारदारों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। हालत यह है कि अस्पताल के प्राइवेट वार्डों में लगाए गए एसी या तो बंद पड़े हैं या फिर शोपीस बनकर दीवारों की शोभा बढ़ा रहे हैं। मरीजों से सुविधा शुल्क लेने के बावजूद उन्हें बुनियादी राहत तक नहीं मिल पा रही है।
अस्पताल में करीब 10 प्राइवेट वार्ड संचालित हैं, जिनमें भर्ती मरीजों से प्रतिदिन लगभग 400 रुपये तक शुल्क लिया जाता है। इसके बावजूद कई वार्डों में एसी व्यवस्था पूरी तरह ठप पड़ी है। तीमारदारों का आरोप है कि शिकायत करने के बाद भी केवल आश्वासन मिलता है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं होता।
शिवपुर तरना निवासी डॉ. मुकेश सिंह ने बताया कि वे पिछले 15 दिनों से वार्ड नंबर 12 में अपनी मरीज मधु सिंह को भर्ती किए हुए हैं। उन्हें भर्ती के समय बताया गया था कि वार्ड में एसी की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन आज तक एक दिन भी एसी नहीं चली। गर्मी से मरीज की हालत लगातार बिगड़ रही है, लेकिन स्टाफ केवल टालमटोल कर रहा है।
इसी तरह आजमगढ़ निवासी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि उन्होंने बेहतर सुविधा के लिए प्राइवेट वार्ड चुना था, लेकिन यहां भी एसी न चलने से मरीज परेशान हैं। सारनाथ निवासी मीरा देवी के तीमारदारों ने भी लगातार शिकायतें दर्ज कराई हैं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। वहीं, अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आरएस राम का कहना है कि कुछ वार्डों में चूहों द्वारा एसी के तार क्षतिग्रस्त कर दिए गए हैं, जिससे दिक्कत आ रही है। हालांकि, मरीजों का सवाल यही है कि जब वार्ड को प्राइवेट सुविधा के नाम पर शुल्क लिया जा रहा है तो मूल सुविधाएं कब दुरुस्त होंगी।
