हत्याकांड पर उबाल: परिजनों के ऐलान के बाद 500+ पुलिसकर्मी तैनात, लोगों को घरों में रोका गया
वाराणसी (रणभेरी): शहर के घमहापुर क्षेत्र में व्यापारी मनीष सिंह की हत्या के बाद माहौल लगातार तनावपूर्ण बना हुआ है। परिजनों द्वारा प्रस्तावित ‘न्याय जुलूस’ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने इलाके में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है।

परिवार का आरोप है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हुई है, जिससे नाराज़गी बढ़ती जा रही है। इसी के विरोध में जुलूस निकालने की घोषणा की गई थी, जिसके बाद प्रशासन ने एहतियातन घमहापुर और आसपास के इलाकों की सीमाएं सील कर दीं।
इलाके में सख्त निगरानी, लोगों की आवाजाही सीमित
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुबह से ही मृतक के आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। संभावित भीड़ को देखते हुए कई लोगों को घरों तक सीमित कर दिया गया है। प्रशासन को आशंका है कि आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग जुट सकते हैं।

करीब 10 किलोमीटर के दायरे को संवेदनशील घोषित करते हुए यहां लॉकडाउन जैसी व्यवस्था लागू की गई है। तीन आईपीएस और आठ पीपीएस अधिकारियों के नेतृत्व में 500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। बाबतपुर बाजार समेत प्रमुख स्थानों पर नाकेबंदी कर लगातार गश्त की जा रही है।
अवैध निर्माण पर कार्रवाई की तैयारी
इस मामले में नामजद पांच आरोपियों के मकानों पर प्रशासनिक कार्रवाई की तैयारी भी शुरू हो गई है। जांच में कुछ मकान सरकारी जमीन या आरक्षित क्षेत्र पर बने पाए गए हैं। संबंधित अधिकारियों ने नोटिस जारी कर विधिक प्रक्रिया के तहत ध्वस्तीकरण की तैयारी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी कार्रवाई नियमों के अनुसार की जाएगी और अवैध कब्जों को हटाया जाएगा।
गिरफ्तारियों का सिलसिला जारी
पुलिस ने इस मामले में अब तक 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा, मुख्य आरोपियों को पनाह देने के आरोप में चार अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। फरार चल रहे तीन इनामी आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

परिजन अब भी असंतुष्ट
मृतक की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट नजर नहीं आ रहे हैं। उनका कहना है कि प्रशासन ने पहले सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया था, जिसे पूरी तरह लागू किया जाना चाहिए। फिलहाल, क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का दावा कर रहा है।
