वाराणसी (रणभेरी): उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होमगार्ड एनरोलमेंट परीक्षा-2025 का आगाज़ शनिवार से हो गया। वाराणसी जिले में बनाए गए 45 परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ देखी गई।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। तीन दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में जिले भर से कुल 20,112 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

पहले दिन सुबह से ही केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें नजर आईं। सुबह 8 बजे से प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। गेट पर सख्त जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को अंदर जाने दिया गया। इसके अलावा परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले बायोमेट्रिक सत्यापन भी अनिवार्य किया गया है।
परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

परीक्षा केंद्रों में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर या ब्लूटूथ डिवाइस ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके साथ ही केंद्र के 200 मीटर के दायरे में फोटोस्टेट की दुकानों को भी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।
