काशी में गंगा के ऊपर गरजेंगे राफेल और सुखोई, एयर शो की तैयारियां तेज; 21 अक्टूबर को सामने आएगा पूरा कार्यक्रम

काशी में गंगा के ऊपर गरजेंगे राफेल और सुखोई, एयर शो की तैयारियां तेज; 21 अक्टूबर को सामने आएगा पूरा कार्यक्रम

वाराणसी (रणभेरी): धर्मनगरी काशी में जल्द ही गंगा के ऊपर भारतीय वायुसेना की ताकत और हवाई करतबों का रोमांच देखने को मिल सकता है। आसमान में लड़ाकू विमानों की तेज उड़ान, हेलीकॉप्टरों के हैरतअंगेज प्रदर्शन और एरोबैटिक टीमों के सटीक फॉर्मेशन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रस्तावित एयर शो का आयोजन 22, 24 और 25 अक्टूबर को होना है। कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी 21 अक्टूबर को साझा किए जाने की तैयारी है।

नमो घाट बनेगा आयोजन का प्रमुख केंद्र

एयर शो के मुख्य आयोजन के लिए नमो घाट पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रशासन और संबंधित एजेंसियां जल, थल और वायु स्तर पर समन्वय के साथ काम कर रही हैं। आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और तकनीकी इंतजामों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

गंगा में तैनात हो सकते हैं दो बड़े जलयान

कार्यक्रम के दौरान गंगा में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए मानेकशॉ क्रूज और विवेकानंद जलयान का इस्तेमाल किए जाने की योजना है। पर्यटन विभाग के इन दोनों जलयानों को आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं के लिए चुना गया है।

योजना के तहत जलयानों पर कमांडो की तैनाती और उनके जरिए विशेष प्रदर्शन कराए जाने की संभावना है। इसके अलावा, इन्हें गंगा में निगरानी के लिए भी उपयोग में लाया जा सकता है। आयोजन के दौरान अधिकारियों की मौजूदगी में नदी क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखने की व्यवस्था प्रस्तावित है।

राफेल, सुखोई और तेजस दिखा सकते हैं हवाई ताकत

प्रस्तावित एयर शो में भारतीय वायुसेना के कई प्रमुख लड़ाकू विमानों के शामिल होने की संभावना है। इनमें राफेल, सुखोई-30 एमकेआई और स्वदेशी हल्का लड़ाकू विमान तेजस प्रमुख हैं। इनके साथ हल्का लड़ाकू हेलीकॉप्टर एलसीएच प्रचंड के प्रदर्शन की भी चर्चा है।

एरोबैटिक प्रदर्शन के लिए सूर्य किरण टीम और हेलीकॉप्टर डिस्प्ले के लिए सारंग टीम भी कार्यक्रम का हिस्सा बन सकती हैं। सूर्य किरण टीम के विमानों की एक साथ उड़ान, हवा में तेजी से बदलती संरचनाएं और सटीक तालमेल दर्शकों के लिए खास आकर्षण होंगे। वहीं, सारंग टीम के हेलीकॉप्टर अपने करतबों के जरिए आसमान में रोमांच पैदा कर सकते हैं।

काशी में गंगा के ऊपर गरजेंगे राफेल और सुखोई, एयर शो की तैयारियां तेज; 21 अक्टूबर को सामने आएगा पूरा कार्यक्रम

परिवहन विमानों की भागीदारी पर भी नजर

लड़ाकू विमानों के अलावा परिवहन और अन्य श्रेणियों के विमानों को भी प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल किए जाने की संभावना है। इनमें आईएल-76, आईएल-78, सी-295 और एएन-32 जैसे विमान शामिल बताए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में भारतीय नौसेना और थलसेना के विमानों की भागीदारी का प्रस्ताव भी है। हालांकि, किन विमानों को उड़ान प्रदर्शन में शामिल किया जाएगा और उनका समय क्या रहेगा, इसकी पुष्टि आधिकारिक कार्यक्रम जारी होने के बाद ही होगी।

इंटरनेट कनेक्टिविटी के लिए बिछेगा तकनीकी नेटवर्क

एयर शो और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं के संचालन के लिए शहर के अलग-अलग स्थानों पर इंटरनेट कनेक्टिविटी मजबूत करने की तैयारी है। बीएचयू हेलीपैड पर 10 एमबीपीएस, सूजाबाद और सोनातालाब में 30-30 एमबीपीएस तथा 39 जीटीसी कैंट में 10 एमबीपीएस क्षमता की लीज्ड लाइन प्रस्तावित है। बाबतपुर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) पर 50 एमबीपीएस और नमो घाट पर 100-100 एमबीपीएस क्षमता की दो लीज्ड लाइनें लगाने की योजना है।

प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर भी विशेष इंतजाम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित आगमन को ध्यान में रखते हुए संचार व्यवस्था को और मजबूत बनाने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत 100-100 एमबीपीएस क्षमता की दो अतिरिक्त इंटरनेट लीज्ड लाइनें और पांच हॉटलाइन की व्यवस्था प्रस्तावित है। नमो घाट पर छह एसटीडी टेलीफोन भी लगाए जाने हैं। एयर शो को लेकर विमानों की अंतिम सूची, प्रदर्शन का समय और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां आधिकारिक घोषणा के बाद स्पष्ट होंगी। फिलहाल आयोजन स्थल और संचार नेटवर्क से जुड़ी तैयारियों को पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *