वाराणसी में होमगार्ड का हंगामा: चौकी से अस्पताल तक मची अफरा-तफरी, परिजनों ने बताया मानसिक रूप से अस्वस्थ

वाराणसी में होमगार्ड का हंगामा: चौकी से अस्पताल तक मची अफरा-तफरी, परिजनों ने बताया मानसिक रूप से अस्वस्थ

वाराणसी (रणभेरी): शहर के कैंट क्षेत्र में बुधवार को एक होमगार्ड द्वारा किए गए हंगामे से पुलिस चौकी और अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। काफी देर तक चले इस घटनाक्रम के बाद पुलिस ने किसी तरह उसे काबू में कर अस्पताल में भर्ती कराया।

जानकारी के अनुसार, सरसौली इलाके का रहने वाला एक होमगार्ड अर्दली बाजार स्थित पुलिस चौकी पर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वह एक मारपीट के मामले में किसी आरोपी के पक्ष में बात करने आया था। इसी दौरान उसने अचानक उत्तेजित होकर शोर-शराबा शुरू कर दिया और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से बहस करने लगा।

चौकी पर मौजूद अधिकारियों ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह शांत नहीं हुआ और स्थिति बिगड़ती चली गई। हालात काबू से बाहर होते देख पुलिस उसे चिकित्सकीय परीक्षण के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल ले गई।

अस्पताल पहुंचने के बाद भी उसका व्यवहार सामान्य नहीं हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसने वहां भी हंगामा किया, पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की और अजीब हरकतें करने लगा, जिससे मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई। इस दौरान वह जोर-जोर से भजन गाने लगा और किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था।

काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे काबू में किया और अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया। घटना की सूचना मिलने पर उसके परिजन भी अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने बताया कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज पहले से चल रहा है।

पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया और भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए चेतावनी दी है। बताया जा रहा है कि संबंधित होमगार्ड प्रशासनिक कार्यालय में तैनात है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *