वाराणसी में बारात से लौट रहे युवक की हत्या: पत्थरों से सिर-कुचलकर शव सड़क किनारे फेंका, परिजनों ने लगाया जाम

वाराणसी में बारात से लौट रहे युवक की हत्या: पत्थरों से सिर-कुचलकर शव सड़क किनारे फेंका, परिजनों ने लगाया जाम

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी के सिंधोरा थाना क्षेत्र में बारात से लौट रहे एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। बदमाशों ने युवक के सिर और चेहरे पर पत्थरों से वार कर उसकी जान ले ली और शव को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। बुधवार सुबह राहगीरों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मृतक की पहचान रोहित राजभर (25) के रूप में हुई है। वह चंदवक थाना क्षेत्र का निवासी था और इन दिनों सारनाथ के कस्तमपुरा स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

वाराणसी में बारात से लौट रहे युवक की हत्या: पत्थरों से सिर-कुचलकर शव सड़क किनारे फेंका, परिजनों ने लगाया जाम

शादी समारोह से लौटते समय हमला

परिजनों के अनुसार, रोहित 5 मई को एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गया था। वहीं किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया था। आरोप है कि देर रात लौटते समय बसंतपुर (चकदुल्ला) के पास कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। हमलावरों ने उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट पहुंचाई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपियों ने शव सड़क किनारे डाल दिया और उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी।

सुबह मिला शव, परिजनों का हंगामा

बुधवार सुबह सड़क किनारे शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इससे इलाके में कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा और तनाव की स्थिति बन गई।

पुलिस ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

साजिश का आरोप, पहले मिल चुकी थीं धमकियां

मृतक के भाई किशन राजभर ने थाने में तहरीर देकर हत्या को साजिश करार दिया है। उनका आरोप है कि रोहित को पहले से ही व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के जरिए धमकियां मिल रही थीं। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने का दावा किया जा रहा है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *