वाराणसी (रणभेरी): योगी आदित्यनाथ बुधवार को काशी पहुंचे, जहां उन्होंने सबसे पहले श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।
धार्मिक कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री उदय प्रताप कॉलेज के अर्थशास्त्र विभाग के प्रोफेसर डॉ. राजीव कृष्ण के आवास पर पहुंचे। वे प्रोफेसर के पुत्र के एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए यहां आए थे। बताया गया कि मुख्यमंत्री का यह दौरा पहले मंगलवार को प्रस्तावित था, लेकिन गोरखपुर में शिक्षामित्रों से जुड़े एक कार्यक्रम के चलते इसे स्थगित कर दिया गया था।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सख्त
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए मोहित अग्रवाल ने पहले ही सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने शहर के कई हिस्सों में रूट मार्च कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को नो-फ्लाई ज़ोन के नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित किया गया। गोदौलिया से मैदागिन की ओर वाहनों का आवागमन पूरी तरह रोका गया, जबकि अन्य स्थानों पर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ा गया।
रूट डायवर्जन की विस्तृत योजना
अमर उजाला तिराहे से तीन घंटे पहले भारी वाहनों को लहुराबीर और मैदागिन की ओर जाने से रोका गया और उन्हें लकड़ीमंडी की तरफ डायवर्ट किया गया। वहीं, विशेश्वरगंज से एक घंटे पहले चार पहिया वाहनों का रूट बदला गया।
इसके अलावा मरीमाई, मलदहिया, चेतगंज और गिलट बाजार जैसे इलाकों में भी वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात पर विशेष नियंत्रण रखा गया। कई चौराहों से गुजरने वाले मार्गों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया ताकि सुरक्षा और आवागमन दोनों सुचारु रूप से संचालित हो सकें। शहर में प्रशासन की मुस्तैदी के चलते मुख्यमंत्री का कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुआ।H
