महाशिवरात्रि से पहले वाराणसी पुलिस अलर्ट, सुरक्षा-यातायात और लंबित मामलों पर सख्त निर्देश

महाशिवरात्रि से पहले वाराणसी पुलिस अलर्ट, सुरक्षा-यातायात और लंबित मामलों पर सख्त निर्देश

वाराणसी (रणभेरी): वाराणसी में आगामी महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने काशी, गोमती और वरुणा जोन के अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, यातायात और लंबित मामलों की समीक्षा की।

बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सीएम डैशबोर्ड से जुड़े मामलों में अपडेट सही और समय पर दर्ज हों तथा तय समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही गैंगस्टर एक्ट, जघन्य अपराध, एनडीपीएस और गोवध से जुड़े लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने पर जोर दिया गया।पुलिस कमिश्नर ने हत्या, लूट और अन्य गंभीर मामलों में फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश भी दिए।

महाशिवरात्रि के दौरान मंदिरों में भारी भीड़ को देखते हुए विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की योजना बनाई गई है। इसके तहत प्रमुख शिवालयों पर जिग-जैग बैरिकेडिंग, पर्याप्त पुलिस व महिला पुलिस बल की तैनाती, और सीसीटीवी व ड्रोन कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की जाएगी।

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाने, ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर सख्ती, अवैध पार्किंग और ओवरस्पीडिंग के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों को जनता के साथ संवेदनशील और सौम्य व्यवहार रखने पर विशेष जोर दिया गया है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *