सोनिया गांधी के आवास पर INDIA ब्लॉक के सांसदों की बैठक में बिल का विरोध करने पर सहमति बनी, राहुल गांधी आज शाम 5 बजे करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस; रिजिजू ने कहा- विरोध करने वालों को देश माफ नहीं करेगा
(रणभेरी): परिसीमन बिल को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस समेत INDIA ब्लॉक के सांसदों ने शनिवार को कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर बैठक कर प्रस्तावित परिसीमन बिल का विरोध करने पर सहमति जताई। बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि परिसीमन लोकतंत्र के लिए खतरा है। भाजपा पूरी सत्ता अपने हाथ में लेने की कोशिश कर रही है, जिसे विपक्ष किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा। वहीं, राहुल गांधी रविवार को शाम पांच बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मुद्दे पर पार्टी का पक्ष रखेंगे।
खड़गे ने आरोप लगाया कि सरकार परिसीमन के जरिए लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करना चाहती है। उन्होंने कहा कि जिस तरह चीन में हाथ उठाकर फैसले लिए जाते हैं, उसी तरह भारत में भी बहुमत के नाम पर लोकतंत्र खत्म करने की कोशिश की जा रही है। विपक्ष इसका विरोध करेगा।
SC-ST की सीटें बढ़ाने का प्रावधान नहीं होने का आरोप
खड़गे ने कहा कि नए परिसीमन में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए सीटों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए, लेकिन सरकार जो विधेयक लाने जा रही है, उसमें इसका स्पष्ट प्रावधान नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने प्रस्तावित बिल के बारे में विपक्ष को पूरी जानकारी भी नहीं दी है।

उन्होंने आशंका जताई कि जिस तरह मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सवाल उठे हैं, उसी तरह परिसीमन की प्रक्रिया में भी गड़बड़ी हो सकती है।
चुनाव आयोग पर भी साधा निशाना
कांग्रेस अध्यक्ष ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस आयोग पर 10 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाने के आरोप हैं, उसी को परिसीमन की जिम्मेदारी दी जा रही है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी निशाना साधा।

खड़गे ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव कराने को लेकर चुनाव आयोग पर भरोसे का संकट है। असम और जम्मू-कश्मीर में परिसीमन की प्रक्रिया पर भी उन्होंने सवाल उठाए। उनका आरोप था कि जिस तरह चुनाव और मतदाता सूची के मामलों में कथित गड़बड़ियां हुईं, उसी तरह परिसीमन में भी मनमानी की आशंका है।
850 सीटें बढ़ने से लोकतंत्र को नुकसान की आशंका
खड़गे ने प्रस्तावित परिसीमन के बाद लोकसभा की सीटें बढ़कर 850 किए जाने की चर्चा पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि सरकार को जब लग रहा है कि उसके पास पर्याप्त संख्या बल है, तभी वह इस तरह का विधेयक ला रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सीटों की संख्या बढ़ाकर भाजपा सत्ता पर अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है। खड़गे ने चेतावनी दी कि अगर सत्ता पूरी तरह एक पक्ष के हाथ में चली गई तो संविधान में भी बदलाव किए जा सकते हैं। विपक्ष इसीलिए परिसीमन बिल का विरोध करेगा।
रिजिजू का पलटवार- विरोध करने वालों को देश माफ नहीं करेगा
विपक्ष के आरोपों पर केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि अगर कोई इस पहल का विरोध करता है तो सिर्फ महिलाएं ही नहीं, बल्कि पूरा देश उसे कभी माफ नहीं करेगा।
रिजिजू ने कहा कि प्रस्तावित विधेयक से बेहतर कोई दूसरा प्रावधान नहीं हो सकता। इसमें हर राज्य और हर वर्ग के हितों का ध्यान रखा गया है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और महिलाओं के प्रतिनिधित्व के साथ जनप्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाने का भी प्रावधान है।
कांग्रेस और शिवसेना ने जारी किया व्हिप
परिसीमन बिल पर संसद में संभावित टकराव को देखते हुए राजनीतिक दलों ने अपने सांसदों को सदन में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। कांग्रेस ने लोकसभा और राज्यसभा के अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी कर अगले सप्ताह होने वाली विशेष बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने को कहा है। पार्टी ने सांसदों को 29 नवंबर तक नई दिल्ली पहुंचने का निर्देश भी दिया है।
वहीं, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने भी अपने सांसदों को विशेष सत्र में शामिल होने के निर्देश दिए हैं। पार्टी के मुख्य सचेतक श्रीरंग बारणे ने इसकी जानकारी दी। शिवसेना के लोकसभा में 13 और राज्यसभा में दो सांसद हैं। परिसीमन बिल को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच टकराव अब संसद के विशेष सत्र में और तेज होने के आसार हैं। एक ओर सरकार इसे महिला और विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधित्व को मजबूत करने वाला कदम बता रही है, वहीं विपक्ष इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था और राज्यों के हितों के लिए खतरा करार दे रहा है।
