काशी की बदहाली का हिसाब मांगने निकली कांग्रेस, 100 वार्डों में चलेगी न्याय यात्रा

काशी की बदहाली का हिसाब मांगने निकली कांग्रेस, 100 वार्डों में चलेगी न्याय यात्रा

20 दिसंबर तक तीन विधानसभा क्षेत्रों में घर-घर पहुंचेगी कांग्रेस, विकास कार्यों को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार पर साधा निशाना

वाराणसी (रणभेरी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी में विकास कार्यों की हकीकत जनता के सामने लाने और शहर की बुनियादी समस्याओं को लेकर सरकार से जवाब मांगने के उद्देश्य से महानगर कांग्रेस कमेटी ने न्याय यात्रा शुरू की है। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के नेतृत्व में उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के धूपचंडी वार्ड स्थित मां धूमावती देवी मंदिर में दर्शन-पूजन और आशीर्वाद लेने के बाद पदयात्रा का शुभारंभ हुआ। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा ने यात्रा को हरी झंडी दिखाई। यह अभियान 20 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता शहर की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी 100 वार्डों में घर-घर जाकर लोगों से संवाद करेंगे।

महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने बताया कि न्याय यात्रा उत्तरी, रोहनिया और शिवपुर विधानसभा क्षेत्रों में संचालित की जाएगी। इसके लिए तीनों विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। यात्रा के दौरान कार्यकर्ता जनता के बीच अपील पत्र वितरित करेंगे। इसमें वर्ष 1989 के बाद से काशी में हुए विकास कार्यों और कांग्रेस शासनकाल में कराए गए कार्यों का तुलनात्मक विवरण दिया गया है।

काशी की बदहाली का हिसाब मांगने निकली कांग्रेस, 100 वार्डों में चलेगी न्याय यात्रा

चौबे ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों से प्रधानमंत्री का संसदीय क्षेत्र होने के बावजूद काशी में कोई बड़ा उद्योग, नया अस्पताल या बच्चों को सस्ती शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय विद्यालय जैसा प्रमुख संस्थान स्थापित नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के नाम पर केवल प्रचार और आयोजनों में व्यस्त है। बनारस में आज टोटो और फोटो के अलावा कुछ दिखाई नहीं दे रहा है।

उन्होंने प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। आरोप लगाया कि अधिकारी आम जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय वीआईपी मूवमेंट और सरकारी आयोजनों के प्रबंधन में व्यस्त रहते हैं। आम लोगों को अपनी बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

काशी की बदहाली का हिसाब मांगने निकली कांग्रेस, 100 वार्डों में चलेगी न्याय यात्रा

चौबे ने कहा कि वर्ष 2004 से 2009 के बीच कांग्रेस के कार्यकाल में काशी को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर और लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं मिलीं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शहर की बुनियादी समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया। न्याय यात्रा के माध्यम से कांग्रेस वोट चोरी और चढ़ावा चोरी जैसे मुद्दों को भी जनता के बीच उठाएगी।

पूर्व जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में वर्ष 2014 से अब तक हुए विकास कार्यों का हिसाब मांगना है। उन्होंने नगर निगम की ओर से लगाए जा रहे पोस्टरों पर भी सवाल उठाए। कहा कि विपक्ष पर काशी को बदहाल करने का आरोप लगाने के बजाय सरकार को जनता के सामने अपने विकास कार्यों का वास्तविक ब्योरा रखना चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 20 दिसंबर तक सभी 100 वार्डों में पहुंचकर जनता को शहर की समस्याओं और विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जाएगा। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए जनता से समर्थन मांगा जाएगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *