वाराणसी के नंदेसर में बंद मकान में लगी आग, आधे घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

वाराणसी के नंदेसर में बंद मकान में लगी आग, आधे घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

दमकल की गाड़ी पहुंचने से 500 मीटर तक लगा जाम, घटना के समय मकान में नहीं था कोई

वाराणसी (रणभेरी): नंदेसर के रिहायशी इलाके में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एक बंद मकान में अचानक आग लग गई। मकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद मजदूरों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि घटना के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, मकान काफी समय से बंद पड़ा था और उसमें कोई नहीं रहता था। मकान के अंदर बड़ी मात्रा में कूड़ा-कबाड़ भरा हुआ था। लोगों ने आशंका जताई कि मकान के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी होगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

दमकल की गाड़ी पहुंचते ही लगा जाम

आग बुझाने के लिए दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची तो सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। देखते ही देखते सड़क पर करीब 500 मीटर तक वाहनों की कतार लग गई। करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर यातायात व्यवस्था संभाली। आग बुझने और दमकल की गाड़ियों के हटने के बाद आवागमन सामान्य हो सका।

मजदूरों ने सबसे पहले देखी आग की लपटें

मकान के आसपास काम कर रहे मजदूरों ने बताया कि वे अपने काम में जुटे थे। इसी दौरान बंद मकान से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। उन्होंने बिना देर किए फायर ब्रिगेड को सूचना दी। इसके बाद दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *