काशी रोपवे निर्माण में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप, ठेकेदारों की कार्यशैली पर उठे सवाल

काशी रोपवे निर्माण में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप, ठेकेदारों की कार्यशैली पर उठे सवाल

एडवोकेट शिव कुमार निषाद ने शासन-प्रशासन से की कार्रवाई की मांग, जोखिमपूर्ण निर्माण कार्य के दौरान रास्ता बंद करने और यातायात डायवर्ट करने की अपील

वाराणसी (रणभेरी): काशी में निर्माणाधीन महत्वाकांक्षी रोपवे परियोजना को लेकर अब निर्माण कार्य के दौरान आम जनता और यात्रियों की सुरक्षा का मुद्दा उठने लगा है। स्थानीय निवासी एवं एडवोकेट शिव कुमार निषाद ने रोपवे निर्माण में लगे कुछ ठेकेदारों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से काशी में रोपवे परियोजना का निर्माण एक ऐतिहासिक और सराहनीय पहल है। इससे शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी, लेकिन विकास कार्यों के दौरान आम लोगों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।

एडवोकेट निषाद के मुताबिक, रोपवे निर्माण का कार्य दिन-रात जारी है। कई बार भारी पिलर और खंभे खड़े करने जैसे जोखिमपूर्ण कार्य उस समय भी किए जाते हैं, जब आसपास से यात्रियों और आम नागरिकों का आवागमन जारी रहता है। ऐसी स्थिति में किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

उन्होंने मांग की कि जब भी भारी पिलर या खंभे खड़े करने का कार्य किया जाए, उस दौरान संबंधित मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह रोक दिया जाए। जरूरत के अनुसार 10 से 20 मिनट, आधे घंटे या एक घंटे तक अस्थायी रूप से रास्ता बंद कर अथवा रूट डायवर्जन लागू कर निर्माण कार्य कराया जाए, ताकि राहगीरों और यात्रियों की जान सुरक्षित रहे।

उन्होंने पूर्व में पुल गिरने की घटना का हवाला देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में लापरवाही के गंभीर परिणाम हो सकते हैं। ऐसी घटनाओं में जान-माल का नुकसान होने के साथ सरकार और प्रशासन की छवि पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है।

एडवोकेट शिव कुमार निषाद ने शासन-प्रशासन से रोपवे निर्माण में लगे ठेकेदारों की कार्यशैली की जांच कराने तथा सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मामले का संज्ञान लेने की अपील की।

उन्होंने कहा कि काशी का विकास जरूरी है, लेकिन विकास की रफ्तार के साथ आम जनता की सुरक्षा भी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। रोपवे जैसी महत्वपूर्ण परियोजना का निर्माण पूरी सतर्कता, सुरक्षा और व्यवस्थित तरीके से पूरा कराया जाना चाहिए, ताकि किसी भी संभावित हादसे को रोका जा सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *