- सांस के मरीजों पर प्रदूषण की दोहरी मार, अस्थमा और सीओपीडी पीड़ितों को विशेष सतर्कता की सलाह
- डॉक्टरों के चेंबर से निकलकर आम घरों तक पहुंचा एयर प्यूरीफायर, साफ हवा के लिए बाजार में बढ़ी पूछताछ
वाराणसी (रणभेरी): नवंबर के आखिरी सप्ताह में बनारस में ठंड ने दस्तक तेज कर दी है। तापमान में गिरावट के साथ शहर की हवा भी सेहत पर भारी पड़ने लगी है। गुरुवार सुबह तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 267 पहुंचने से हवा खराब श्रेणी में दर्ज की गई। ठंड और प्रदूषण के इस दोहरे असर ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। इसका असर अब बाजार में भी दिखने लगा है।
घरों और कार्यालयों में साफ हवा के लिए एयर प्यूरीफायर की मांग में पिछले साल के मुकाबले 50 गुना तक इजाफा बताया जा रहा है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, प्रदेश में फिलहाल कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं है। सतह पर चल रही शुष्क और ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट हो रही है। अगले 48 घंटे में पारा और नीचे जाने की संभावना है। सुबह हल्के से मध्यम कोहरे का भी असर दिख सकता है। गुरुवार सुबह हवा की रफ्तार पांच किलोमीटर प्रति घंटे और नमी 62 प्रतिशत दर्ज की गई।

उधर, प्रदूषण से बचाव के लिए लोग एयर प्यूरीफायर की जानकारी लेने शोरूम पहुंच रहे हैं। आरडी कोठारी और यति टीवी शोरूम के संचालकों के मुताबिक, पहले इन मशीनों की खरीदारी मुख्य रूप से डॉक्टर अपने चेंबर के लिए करते थे, लेकिन अब आम परिवार भी इन्हें खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं। दिवाली के बाद पटाखों के धुएं और दिल्ली में प्रदूषण की खबरों ने लोगों की चिंता बढ़ाई है। ऑनलाइन जानकारी के कारण भी जागरूकता बढ़ी है। यूरेका फोर्ब्स और फिलिप्स जैसे ब्रांड की मांग है, हालांकि फिल्टर और स्पेयर पार्ट्स की उपलब्धता तथा सर्विस की समस्या बनी हुई है।
सांस के मरीजों को ज्यादा खतरा
श्वास रोग विशेषज्ञ एवं आईएमए अध्यक्ष निर्वाचित प्रो. डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, सितंबर से दिसंबर के बीच सांस संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ती है। वातावरण में धूल, परागकण, एलर्जी पैदा करने वाले तत्व और पटाखों का धुआं एलर्जिक राइनाइटिस, ब्रोंकाइटिस और अस्थमा की परेशानी बढ़ा सकते हैं। पहले से अस्थमा, सीओपीडी और ब्रोंकाइटिस से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने बताया कि एयर प्यूरीफायर घर के भीतर हवा को साफ रखने में मददगार हो सकता है, लेकिन इसका प्रभाव मुख्य रूप से उसी कमरे तक सीमित रहता है, जहां मशीन चल रही हो। हर व्यक्ति के लिए इसे खरीदना जरूरी नहीं है।
खेती पर भी मौसम की मार की आशंका
तापमान में गिरावट और कोहरे का असर खेती पर भी पड़ सकता है। हल्की ठंड गेहूं के लिए अनुकूल है, लेकिन लगातार कोहरा और धूप की कमी आलू व सरसों में रोग और कीटों का खतरा बढ़ा सकती है। किसानों को खेतों में नमी बनाए रखने, जरूरत के अनुसार सिंचाई करने और फसलों की नियमित निगरानी की सलाह दी गई है।
