महिला आरक्षण विधेयक पारित नहीं होने पर विपक्ष को घेरा; 1951 और 42वें संविधान संशोधन पर भी उठाए सवाल, नक्सलवाद को बताया संवैधानिक अधिकारों में बाधा
(रणभेरी): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान दिवस के अवसर पर ब्लॉग लिखकर कांग्रेस और विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी OBC आरक्षण में कटौती कर मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है, जबकि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित कई प्रमुख नेता इसके खिलाफ थे। प्रधानमंत्री ने महिला आरक्षण विधेयक पारित नहीं होने को लेकर भी विपक्ष की आलोचना की और कहा कि नारीशक्ति को न्याय दिलाने का सरकार का संकल्प किसी भी कीमत पर नहीं रुकेगा।
मोदी ने अपने ब्लॉग में कहा कि संविधान की यात्रा उन महिलाओं को याद किए बिना पूरी नहीं हो सकती, जिन्होंने संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष के रुख को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि महिलाओं को उनका अधिकार देने के लिए लाए गए विधेयक को पारित नहीं होने दिया गया। इससे संवैधानिक मूल्यों के प्रति विपक्ष के सम्मान पर सवाल खड़े होते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की नारीशक्ति को न्याय दिलाने के संकल्प को दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती। उन्होंने महिला आरक्षण को महिलाओं की भागीदारी और अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया।
नक्सलवाद ने गरीबों को संवैधानिक अधिकारों से रखा दूर
प्रधानमंत्री ने नक्सलवाद का जिक्र करते हुए कहा कि दशकों तक देश के कई हिस्सों, विशेषकर आदिवासी क्षेत्रों में नक्सलियों ने बंदूक के दम पर गरीबों को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखा। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को जो अधिकार दिए हैं, उनका लाभ इन क्षेत्रों के लोगों तक नहीं पहुंचने दिया गया। मोदी ने कहा कि इस साल नक्सलवाद के खात्मे से उन्हें विशेष संतोष मिला है।
पहले और 42वें संविधान संशोधन पर उठाए सवाल
मोदी ने 1951 में हुए पहले संविधान संशोधन और आपातकाल के दौरान लाए गए 42वें संविधान संशोधन को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पहले संविधान संशोधन से नागरिकों की मौलिक स्वतंत्रता प्रभावित हुई थी। उस समय अंतरिम संसद ने अपने बहुमत का इस्तेमाल कर यह संशोधन पारित किया था।
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि आपातकाल के दौरान 42वें संविधान संशोधन के जरिए न्यायिक समीक्षा की शक्ति सीमित की गई और देश की संस्थाओं के बीच शक्तियों का संतुलन प्रभावित हुआ। उन्होंने अनुच्छेद 356 के इस्तेमाल को लेकर भी तत्कालीन सरकारों की आलोचना की। मोदी के मुताबिक, चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए इस अनुच्छेद का बार-बार इस्तेमाल किया गया और एक राजनीतिक दल के नाम इसके करीब 100 बार इस्तेमाल का रिकॉर्ड है।
22 भाषाओं में उपलब्ध हुआ संविधान का नया संस्करण
प्रधानमंत्री ने संविधान के अद्यतन संस्करण को आठवीं अनुसूची में शामिल सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध कराने को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि 1950 के बाद पहली बार संविधान का अपडेटेड संस्करण इन सभी भाषाओं में जारी किया गया है। इससे आम नागरिकों के लिए संविधान को समझना और उससे जुड़ना आसान होगा।
मोदी ने भारतीय न्याय संहिता का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भी देश में अंग्रेजों के समय की दंड संहिता लागू थी। भारतीय न्याय संहिता के माध्यम से आपराधिक न्याय व्यवस्था में बदलाव किया गया है। पुरानी व्यवस्था में दंड पर जोर था, जबकि नई व्यवस्था में नागरिक और न्याय को प्राथमिकता दी गई है।
महिला आरक्षण के लिए लोकसभा सीटें 850 करने की तैयारी
सरकार महिला आरक्षण को लागू करने और परिसीमन की प्रक्रिया के तहत लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने की तैयारी कर रही है। इसी मुद्दे पर 15 से 17 अप्रैल तक संसद का विशेष सत्र बुलाया गया था। इसमें परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों पर चर्चा हुई, लेकिन जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण ये विधेयक पारित नहीं हो सके।
लोकसभा में विधेयकों के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे। कुल 528 सांसदों ने मतदान किया था। विधेयकों को पारित कराने के लिए 352 वोटों की जरूरत थी। इस तरह सरकार को 54 वोट कम मिले और विधेयक पारित नहीं हो सके।
15 दिसंबर से पहले संसद सत्र बुलाने की तैयारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्रियों को 15 दिसंबर से पहले संसद के अगले सत्र की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में उन्होंने मंत्रियों को सत्र से पहले विदेश यात्राओं से बचने की सलाह भी दी। पीटीआई के सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री चाहते हैं कि संसद का अगला सत्र 15 दिसंबर से पहले बुलाया जाए। हालांकि, सत्र की तारीख और उसकी अवधि को लेकर अंतिम फैसला संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति करेगी।
