वाराणसी (रणभेरी): मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के गौर गांव निवासी 55 वर्षीय सुखराज राजभर की बुधवार देर रात ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। वह मिर्जापुर के चकिया (निगतपुर) स्थित अपनी बहन के घर शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वहां से देर रात पैदल ही अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रेलवे ट्रैक के किनारे से गुजरते समय पीछे से आ रही ट्रेन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव को घर ले आए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। हालांकि, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। सुखराज राजभर के तीन पुत्र हैं। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में वह अपने पीछे तीन बेटों को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है।
