वाराणसी (रणभेरी): बॉलीवुड के मशहूर कोरियोग्राफर और अभिनेता गणेश आचार्य शनिवार को धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी पहुंच रहे हैं। वह अपनी आगामी फिल्म ‘गणेश द स्टारडस्ट’ के प्रमोशन के साथ भगवान शिव को समर्पित विशेष गीत लॉन्च करेंगे। इसके लिए उन्होंने काशी के भव्य नमो घाट को चुना है। कार्यक्रम को लेकर उनके प्रशंसकों में खासा उत्साह है।
शनिवार शाम चार बजे नमो घाट पर भव्य आयोजन होगा। कार्यक्रम की शुरुआत शिव तांडव और शिव अर्चनम की प्रस्तुति से होगी। इसके बाद गणेश आचार्य अपनी फिल्म का शिव थीम सॉन्ग लॉन्च करेंगे। इस दौरान दर्शकों को फिल्म का आधिकारिक ट्रेलर भी दिखाया जाएगा। उनकी फिल्म 11 दिसंबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
वीडियो संदेश जारी कर किया आमंत्रित
गणेश आचार्य ने वीडियो संदेश जारी कर काशीवासियों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। उन्होंने अपने संदेश की शुरुआत ‘नमस्कार बनारस, हर-हर महादेव’ से की। उन्होंने कहा कि उनकी फिल्म का नया गीत भगवान शिव को समर्पित है। महादेव की भक्ति से जुड़े इस गीत को लॉन्च करने के लिए काशी से पवित्र और बेहतर स्थान कोई दूसरा नहीं हो सकता।
उन्होंने काशीवासियों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में नमो घाट पहुंचें और अपनी भक्ति के साथ इस शाम को यादगार बनाएं। उनका कहना है कि काशीवासियों की श्रद्धा और उनकी अपनी भक्ति का संगम इस आयोजन को खास बनाएगा।
गंगा आरती में होंगे शामिल, चखेंगे बनारसी जायका
गीत लॉन्चिंग और फिल्म के ट्रेलर प्रदर्शन के बाद गणेश आचार्य दशाश्वमेध घाट पर होने वाली विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में शामिल होंगे। इसके बाद वह काशी की गलियों में भ्रमण कर बनारस के खानपान और मशहूर पान का स्वाद भी चखेंगे। बॉलीवुड की चमक-दमक और काशी की आध्यात्मिक विरासत के इस संगम को लेकर स्थानीय लोगों और प्रशंसकों में उत्सुकता है। नमो घाट पर होने वाले इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
