वाराणसी में 2 अवैध गेस्ट हाउस सील: कैंट स्टेशन के सामने विजयानगरम मार्केट में कार्रवाई, दुकान के ऊपर बिना अनुमति बना था निर्माण

वाराणसी में 2 अवैध गेस्ट हाउस सील: कैंट स्टेशन के सामने विजयानगरम मार्केट में कार्रवाई, दुकान के ऊपर बिना अनुमति बना था निर्माण

वाराणसी (रणभेरी): कैंट रेलवे स्टेशन के सामने स्थित विजयानगरम मार्केट में नगर निगम ने गुरुवार शाम अवैध रूप से संचालित किए जा रहे दो गेस्ट हाउस के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में दुकान संख्या 50 और 68 के ऊपरी हिस्से में संचालित दोनों गेस्ट हाउस को सील कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक, इन दोनों स्थानों पर नगर निगम की अनुमति के बिना अतिरिक्त निर्माण कर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।

कार्रवाई के दौरान मार्केट में काफी संख्या में व्यापारी और आसपास के लोग एकत्र हो गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान पूरा कराया गया। गेस्ट हाउस में ठहरे लोगों को महिला पुलिसकर्मियों की सहायता से बाहर निकाला गया। इसके बाद नगर निगम की टीम ने दोनों परिसरों को सील कर दिया।

दुकान के ऊपर बिना अनुमति कराया गया निर्माण

नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार विजयानगरम मार्केट में करीब चार दशक पहले नगर निगम की ओर से लगभग 90 दुकानों का आवंटन किया गया था। आरोप है कि समय बीतने के साथ कई आवंटियों ने निर्धारित नियमों का उल्लंघन करते हुए दुकानों के ऊपर अतिरिक्त मंजिल का निर्माण करा लिया।

अधिकारियों का कहना है कि कुछ दुकानों का मूल व्यावसायिक उपयोग भी बदल दिया गया। दुकान के ऊपरी हिस्से में होटल, लॉज और गेस्ट हाउस जैसी गतिविधियां शुरू कर दी गईं। नगर निगम की अनुमति के बिना किए गए ऐसे निर्माण और बदले गए व्यावसायिक उपयोग को लेकर निगम ने कार्रवाई शुरू की।

इसी क्रम में दुकान संख्या 50 और 68 भी नगर निगम के रडार पर आईं। निगम के मुताबिक दोनों दुकानें किराये पर आवंटित थीं, लेकिन आरोप है कि नियमों के विपरीत इन्हें तीसरे पक्ष को सिकमी पर दे दिया गया। इसके बाद दुकानों के ऊपरी हिस्से में बिना स्वीकृति निर्माण कर गेस्ट हाउस संचालित किए जाने की बात सामने आई।

नोटिस के बाद मामला पहुंचा हाईकोर्ट

नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक अवैध निर्माण और संचालन की जानकारी सामने आने के बाद संबंधित पक्ष को पहले नोटिस जारी किया गया था। नोटिस के जरिए निर्माण हटाने और नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे।

नोटिस के बाद गेस्ट हाउस संचालक पक्ष ने मामले में हाईकोर्ट का रुख किया। न्यायालय की ओर से निर्देश दिया गया कि संबंधित पक्ष के प्रत्यावेदन का निस्तारण होने तक नगर निगम दंडात्मक कार्रवाई न करे। इसके बाद नगर निगम स्तर पर मामले की सुनवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ी।

वाराणसी में 2 अवैध गेस्ट हाउस सील: कैंट स्टेशन के सामने विजयानगरम मार्केट में कार्रवाई, दुकान के ऊपर बिना अनुमति बना था निर्माण

अपर नगर आयुक्त अमित कुमार के अनुसार नगर निगम की ओर से मामले में प्रभावी पैरवी की गई और उपलब्ध तथ्यों व नियमों के आधार पर संबंधित प्रत्यावेदन पर निर्णय लिया गया।

प्रत्यावेदन खारिज होने के बाद कार्रवाई

नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक नगर आयुक्त स्तर से संबंधित पक्ष का प्रत्यावेदन नियमों के तहत खारिज कर दिया गया। इसके बाद निगम के अधिकारियों ने कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई।

गुरुवार को प्रवर्तन टीम पुलिस बल के साथ विजयानगरम मार्केट पहुंची। टीम ने दुकान संख्या 50 और 68 के ऊपरी हिस्से का निरीक्षण करने के बाद वहां संचालित दोनों गेस्ट हाउस को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने, इसके लिए पुलिस की तैनाती भी की गई थी। मौके पर गेस्ट हाउस संचालक पक्ष के वकील भी पहुंचे। वहीं, कार्रवाई की जानकारी मिलने पर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में वहां जमा हो गए।

ठहरे लोगों को बाहर निकालकर की गई सीलिंग

सीलिंग की कार्रवाई के दौरान दोनों गेस्ट हाउस में ठहरे लोगों को बाहर निकाला गया। महिला पुलिसकर्मियों की मदद से वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित रूप से परिसर से बाहर कराया गया। इसके बाद नगर निगम की टीम ने दोनों गेस्ट हाउस के प्रवेश मार्ग को सील कर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नगर निगम की अनुमति के बिना किए गए निर्माण और नियमों के विपरीत संचालित व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

सड़क पर अतिक्रमण के खिलाफ भी चला अभियान

गेस्ट हाउस सील करने के साथ नगर निगम की टीम ने विजयानगरम मार्केट के आसपास सड़क और सार्वजनिक स्थान पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ भी अभियान चलाया। सड़क किनारे लगाए गए अवैध ठेले-खोमचे और अन्य अस्थायी कब्जों को हटवाया गया। नगर निगम की इस कार्रवाई से मार्केट क्षेत्र में कुछ देर तक हलचल बनी रही। टीम ने सार्वजनिक रास्ते को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई भी साथ-साथ की।

निगम की कार्रवाई से अन्य दुकानदारों में भी चर्चा

करीब 40 वर्ष पुराने इस मार्केट में हुई कार्रवाई के बाद अन्य दुकानदारों के बीच भी चर्चा शुरू हो गई है। नगर निगम अधिकारियों ने संकेत दिया है कि आवंटित दुकानों में नियमों के विपरीत निर्माण, उपयोग में बदलाव अथवा बिना अनुमति व्यावसायिक गतिविधियां संचालित किए जाने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

अभियान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर चलाया गया। कार्रवाई का नेतृत्व अपर नगर आयुक्त अमित कुमार ने किया। टीम में नगर निगम की प्रवर्तन इकाई के कर्मचारी और पुलिस बल शामिल रहे। नगर निगम का कहना है कि सार्वजनिक संपत्ति और आवंटित परिसरों के निर्धारित उपयोग से जुड़े नियमों का उल्लंघन मिलने पर आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *