वाराणसी (रणभेरी) : लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्पाइसजेट की विमान सेवाएं परिचालन संबंधी कारणों से प्रभावित हो रही हैं। पुणे और वाराणसी के बीच संचालित होने वाली स्पाइसजेट की उड़ान 14 नवंबर तक बंद रहेगी। वहीं, दिल्ली से वाराणसी आने वाली उड़ान भी निर्धारित समय से विलंबित रही, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, पुणे-वाराणसी के बीच संचालित स्पाइसजेट की उड़ान संख्या एसजी-525 दोपहर 3:44 बजे पुणे से वाराणसी पहुंची। इसके बाद वाराणसी से पुणे जाने वाली उड़ान संख्या एसजी-526 शाम 4:20 बजे रवाना हुई। दूसरी ओर, दिल्ली से वाराणसी आने वाली स्पाइसजेट की उड़ान संख्या एसजी-9033 भी परिचालन संबंधी कारणों से निर्धारित समय पर नहीं पहुंच सकी।
स्पाइसजेट के मैनेजर राजेश सिंह ने बताया कि परिचालन संबंधी समस्या के चलते पुणे-वाराणसी रूट पर 14 नवंबर तक उड़ानों का संचालन रोक दिया गया है। वहीं, दिल्ली-वाराणसी की उड़ान भी परिचालन संबंधी दिक्कतों के कारण प्रभावित रही।
