लोक आस्था का महापर्व डाला छठ शुरू, नहाय-खाय के साथ व्रतियों ने लिया शुद्धता का संकल्प

लोक आस्था का महापर्व डाला छठ शुरू, नहाय-खाय के साथ व्रतियों ने लिया शुद्धता का संकल्प
  • घाटों पर बनने लगीं वेदियां, आकर्षक लाइटों से सज रहे गंगा और वरुणा तट
  • 14 नवंबर को खरना, 15 को अस्ताचलगामी और 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य

वाराणसी (रणभेरी): लोक आस्था और सूर्योपासना का महापर्व डाला छठ शुक्रवार को नहाय-खाय की परंपरा के साथ शुरू हो गया। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व को लेकर घरों से लेकर गंगा और वरुणा के घाटों तक भक्तिमय माहौल है। संतान की प्राप्ति, सुख-समृद्धि, आरोग्यता और संतान की दीर्घायु की कामना के साथ व्रती पूरे विधि-विधान से पर्व की तैयारियों में जुटे हैं। भगवान सूर्य और प्रकृति की अधिष्ठात्री देवी षष्ठी की उपासना के इस कठिन व्रत में शुद्धता, संयम और अनुशासन का विशेष महत्व है।

लोक आस्था का महापर्व डाला छठ शुरू, नहाय-खाय के साथ व्रतियों ने लिया शुद्धता का संकल्प

महापर्व के पहले दिन नहाय-खाय पर व्रतियों ने घरों की साफ-सफाई और पवित्र स्नान के साथ अनुष्ठान की शुरुआत की। परंपरा के अनुसार व्रती नदी, सरोवर या अन्य जलाशयों में स्नान कर पूरी शुद्धता के साथ छठ का प्रसाद तैयार करते हैं। इसमें ठेकुआ, मीठी पूड़ी, पकौड़ी, खाजा और अनरसा प्रमुख हैं। शाम को व्रती लौकी की सात्विक सब्जी, चावल और चने की दाल सहित शुद्ध शाकाहारी भोजन ग्रहण करेंगे। भोजन में लहसुन-प्याज का प्रयोग नहीं किया जाता। सेंधा नमक और घी का इस्तेमाल कर प्रसाद और भोजन तैयार किया जाता है। इसके बाद व्रती भूमि पर शयन करेंगे।

घाटों पर बनने लगीं वेदियां, सजावट तेज

छठ पूजा को लेकर गंगा और वरुणा के घाटों, कुंडों तथा सरोवरों पर तैयारियां तेज हो गई हैं। सूर्य को अर्घ्य देने के लिए घाटों पर स्थान चिह्नित किए जा रहे हैं। व्रती और उनके परिजन मिट्टी की वेदियां बनाकर उन्हें रंग-रोगन से सजाने में जुटे हैं। वहीं, विभिन्न पूजा समितियों की ओर से बांस-बल्लियां लगाकर आकर्षक लाइटों और झालरों से घाटों को सजाया जा रहा है। घाटों पर साफ-सफाई और पूजन व्यवस्था को अंतिम रूप देने का काम भी जारी है।

लोक आस्था का महापर्व डाला छठ शुरू, नहाय-खाय के साथ व्रतियों ने लिया शुद्धता का संकल्प

जगह घेरने में दिख रहा रसूख

घाटों पर अर्घ्य देने के लिए अपनी जगह सुरक्षित करने की होड़ भी नजर आने लगी है। गंगा और वरुणा तटों पर कई लोगों ने अपने स्थान चिह्नित कर लिए हैं। खास बात यह है कि कुछ लोगों ने अपने प्रभाव का प्रदर्शन करने के लिए चिह्नित स्थानों पर पेंट से जिला जज, डीएम ऑफिस, यूपी पुलिस और पुलिस लाइन जैसे नाम तक लिख दिए हैं। इससे घाटों पर जगह सुरक्षित करने को लेकर रसूख का इस्तेमाल भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

लोक आस्था का महापर्व डाला छठ शुरू, नहाय-खाय के साथ व्रतियों ने लिया शुद्धता का संकल्प

चार दिनों तक चलेगा छठ का अनुष्ठान

खरना आज, 14 नवंबर: महापर्व के दूसरे दिन खरना या लोहंडा की परंपरा निभाई जाएगी। व्रती पूरे दिन निर्जल उपवास रखेंगे। शाम को भगवान सूर्य की पूजा के बाद गुड़ और चावल से बनी खीर का प्रसाद तैयार कर ग्रहण करेंगे। इसी के साथ 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प शुरू होगा।

षष्ठी अर्घ्य, 15 नवंबर: छठ महापर्व का मुख्य दिन होगा। व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे। बांस की टोकरी में ठेकुआ, मौसमी फल, कंदमूल और पूजन सामग्री सजाई जाएगी। शाम को नदी और सरोवरों के घाटों पर पहुंचकर जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा।

उषा अर्घ्य, 16 नवंबर: महापर्व के अंतिम दिन तड़के व्रती घाटों पर पहुंचेंगे और उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य देंगे। इसके बाद विधि-विधान से पारण कर 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का समापन होगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *