पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं और आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए तैयारियां पूरी, पटाखा बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहेंगी एंबुलेंस
वाराणसी (रणभेरी): दिवाली पर पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं, आगजनी और अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। त्योहार के मद्देनजर जिले के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में कुल 200 बेड आरक्षित किए गए हैं। वहीं, दिवाली तक सभी चिकित्सा इकाइयों में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। सरकारी अस्पतालों में विशेष ऑपरेशन थिएटर (ओटी) भी संचालित रहेंगे, ताकि गंभीर रूप से घायल मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।
मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में स्वास्थ्य विभाग ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की सभी चिकित्सा इकाइयों को अलर्ट कर दिया है। जिला स्तरीय अस्पतालों में पांच-पांच बेड और ग्रामीण क्षेत्रों की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में दो-दो बेड आरक्षित किए गए हैं। अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाओं, जरूरी दवाओं और चिकित्सकों की ड्यूटी का रोस्टर तैयार कर लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान चिकित्सा सेवाओं में किसी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी।
पटाखा बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर रहेंगी एंबुलेंस
पटाखों की दुकानों और आतिशबाजी वाले संवेदनशील स्थानों पर एंबुलेंस तैनात की जाएंगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम गठित की गई है। यह टीम सुरक्षा व्यवस्था के साथ आपात स्थिति पर नजर रखेगी। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख चौराहों पर भी एंबुलेंस उपलब्ध रहेंगी। दुर्घटना या आगजनी की स्थिति में लोग 108 नंबर पर सूचना देकर एंबुलेंस की मदद ले सकेंगे।
सर्जन, नेत्र और त्वचा रोग विशेषज्ञ रहेंगे तैनात
पटाखों से जलने, आंखों में चिंगारी लगने, त्वचा में एलर्जी होने और अन्य दुर्घटनाओं में घायल लोगों के उपचार के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई गई है। इमरजेंसी में फिजिशियन, सर्जन, नेत्र रोग विशेषज्ञ और त्वचा रोग विशेषज्ञ उपलब्ध रहेंगे। नेत्र रोग विशेषज्ञ आंखों में चोट लगने पर, त्वचा रोग विशेषज्ञ जलने और एलर्जी की समस्या पर तथा सर्जन गंभीर रूप से झुलसे और दुर्घटनाग्रस्त मरीजों का उपचार करेंगे।
सरकारी अस्पतालों में ऑपरेशन थिएटर भी क्रियाशील रहेंगे, जिससे जरूरत पड़ने पर तत्काल सर्जरी की जा सके। सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने लोगों से सुरक्षित तरीके से दिवाली मनाने और ग्रीन पटाखों का इस्तेमाल करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सावधानी बरतकर पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।
