बीएचयू अस्पताल में प्रसूता ने फंदे से लटककर दी जान

बीएचयू अस्पताल में प्रसूता ने फंदे से लटककर दी जान

नवजात एनआईसीयू में भर्ती, रातभर अस्पताल में तलाशते रहे परिजन, सुबह ऑक्सीजन प्लांट के पास फंदे पर मिली प्रसूता

वाराणसी (रणभेरी): काशी हिंदू विश्वविद्यालय स्थित सर सुंदरलाल अस्पताल परिसर में गुरुवार सुबह हृदयविदारक घटना सामने आई। अपने बीमार नवजात बेटे का इलाज कराने आई 27 वर्षीय प्रसूता ने फंदे से लटककर जान दे दी। उसका शव बाल रोग विभाग के समीप ऑक्सीजन प्लांट के पास मिला। घटना से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची लंका पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोनभद्र के अनपरा क्षेत्र स्थित धनवाहा गांव निवासी निक्की को गंभीर हालत में लोढ़ी अस्पताल से बीएचयू रेफर किया गया था। 28 अक्टूबर को उसने बेटे को जन्म दिया। जन्म के बाद से ही नवजात की हालत नाजुक होने के कारण उसे बाल रोग विभाग के एनआईसीयू में भर्ती कराया गया था।

परिजनों के मुताबिक, बुधवार रात निक्की बच्चे को घर ले जाने की जिद कर रही थी, लेकिन चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति देखते हुए छुट्टी देने से इनकार कर दिया। इससे वह तनाव में थी। रात करीब 10 बजे परिवार के साथ भोजन करने के बाद वह अचानक वार्ड से गायब हो गई। पति और सास रातभर उसकी तलाश करते रहे। गुरुवार सुबह सुरक्षा गार्ड ने ऑक्सीजन प्लांट के पास उसका शव फंदे से लटका देखा। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *