त्योहारों से पहले महंगाई का झटका, कमर्शियल LPG सिलेंडर केबढ़े दाम

त्योहारों से पहले महंगाई का झटका, कमर्शियल LPG सिलेंडर केबढ़े दाम

(रणभेरी): त्योहारों का सीजन शुरू होने से पहले कारोबारियों को गैस के मोर्चे पर झटका लगा है। तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की है। नई दरें 1 अक्टूबर 2026 से लागू हो गई हैं। अलग-अलग शहरों में सिलेंडर के दाम करीब 62 से 70 रुपये तक बढ़े हैं।

राजधानी दिल्ली में कमर्शियल LPG सिलेंडर अब 2,810 रुपये का हो गया है। यहां कीमत में 62.50 रुपये की वृद्धि की गई है। कोलकाता में सिलेंडर का नया रेट 2,954 रुपये हो गया है, जबकि मुंबई में इसकी कीमत 2,764.50 रुपये और चेन्नई में 2,983 रुपये पहुंच गई है।

कमर्शियल LPG सिलेंडर का इस्तेमाल मुख्य रूप से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और दूसरे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में किया जाता है। ऐसे में कीमत बढ़ने का असर इन कारोबारों की लागत पर पड़ सकता है।

सितंबर में भी बढ़े थे दाम

कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार दूसरे महीने बढ़ोतरी हुई है। सितंबर में तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले सिलेंडर के दाम में करीब 10.50 रुपये तक की वृद्धि की थी। उस समय दिल्ली में कीमत 2,747.50 रुपये, मुंबई में 2,701 रुपये, कोलकाता में 2,884 रुपये और चेन्नई में 2,916.50 रुपये थी।

हालांकि, इससे पहले जुलाई और अगस्त में कारोबारियों को राहत मिली थी। अगस्त में कमर्शियल LPG की कीमतों में अधिकतम 209 रुपये तक की कटौती हुई थी, जबकि जुलाई में यह कमी 183.50 रुपये तक रही थी।

साल की शुरुआत में लगातार बढ़े थे रेट

2026 के शुरुआती महीनों में कमर्शियल LPG की कीमतों में लगातार इजाफा देखने को मिला था। जनवरी से जून के बीच सात बार दाम बढ़ाए गए। मार्च में तो कीमतों में दो अलग-अलग मौकों पर बढ़ोतरी हुई थी। उस दौरान अंतरराष्ट्रीय LPG बाजार में सप्लाई से जुड़ी चिंताओं और पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान संघर्ष से पैदा हुए घटनाक्रमों को बाजार में उतार-चढ़ाव की वजहों में गिना गया था।

घरेलू गैस सिलेंडर के रेट में बदलाव नहीं

कमर्शियल सिलेंडर के विपरीत आम घरों में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम LPG सिलेंडर की कीमत में इस बार कोई बदलाव नहीं किया गया है। घरेलू LPG के दाम में पिछला संशोधन 7 जून 2026 को हुआ था, जब कीमत 29 रुपये बढ़ाई गई थी।

इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की वेबसाइट पर उपलब्ध दरों के मुताबिक, बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलोग्राम इंडेन सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 942 रुपये, मुंबई में 941 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये है। राज्यों में स्थानीय टैक्स और VAT की दर अलग होने के कारण घरेलू LPG की अंतिम कीमत शहर और राज्य के हिसाब से अलग हो सकती है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *