(रणभेरी): भारतीय शेयर बाजार में बुधवार, 30 सितंबर को कारोबार मिला-जुला नजर आ रहा है। सेंसेक्स करीब 150 अंक की बढ़त के साथ 72,700 के ऊपर कारोबार कर रहा है, जबकि निफ्टी मामूली गिरावट के साथ 22,700 के स्तर के आसपास बना हुआ है। सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो मीडिया और आईटी शेयरों में खरीदारी देखने को मिल रही है, जबकि फार्मा और मेटल सेक्टर दबाव में हैं।
दो IPO आज से खुले
शेयर बाजार में आज दो नए आईपीओ की शुरुआत हुई है। सिविल इंजीनियरिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र की कंपनी विशाल निर्मिति और ज्वैलरी सेक्टर की नित्यास जेम्स एंड ज्वैलरी का IPO 30 सितंबर से सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गया है।
निवेशक दोनों इश्यू में 5 अक्टूबर तक बोली लगा सकेंगे। विशाल निर्मिति IPO के जरिए करीब 178 करोड़ रुपये, जबकि नित्यास जेम्स एंड ज्वैलरी करीब 108 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है।
पिछले सत्र में भी बाजार रहा था सुस्त
बुधवार के कारोबार में सेंसेक्स में मामूली तेजी देखने को मिली, जबकि निफ्टी गिरावट के साथ 22,700 के नीचे बंद हुआ। लगातार दो सत्रों की बिकवाली के बाद कुछ सेक्टर्स में रिकवरी नजर आई, लेकिन विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली बाजार पर दबाव बनाए हुए है।
सेंसेक्स 90.53 अंक बढ़कर 72,619.60 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 20.50 अंक फिसलकर 22,695.70 के स्तर पर रहा। दिग्गज शेयरों में TCS करीब 1 फीसदी चढ़ा, जबकि Adani Ports में लगभग 2 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
इससे पहले मंगलवार को निफ्टी में करीब 211 अंकों की गिरावट आई थी। हालांकि, निचले स्तरों से रिकवरी के बाद इंडेक्स 22,716 के आसपास बंद हुआ।
FII की बिकवाली से बाजार पर दबाव
भारतीय शेयर बाजार की चाल पर इस समय विदेशी निवेशकों की बिकवाली का असर साफ दिखाई दे रहा है। इसके अलावा कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और रुपये में कमजोरी भी निवेशकों की चिंता बढ़ा रही हैं। भारतीय रुपया दो महीने के निचले स्तर के करीब कारोबार कर रहा है। इन घरेलू और वैश्विक कारकों के चलते बाजार में उतार-चढ़ाव बना हुआ है।
बाजार में लगातार गिरावट के बाद अब विश्लेषक भारतीय इक्विटी मार्केट में कंसोलिडेशन की संभावना जता रहे हैं। हालिया कमजोरी के बीच बाजार में लगातार आठवें साप्ताहिक नुकसान की स्थिति बनी है, जो वर्ष 2020 के बाद सबसे लंबा गिरावट का दौर बताया जा रहा है।
ग्लोबल मार्केट में भी मिला-जुला रुख
एशियाई और वैश्विक बाजारों में भी बुधवार को कारोबार मिश्रित रहा। टोक्यो समयानुसार सुबह 10:52 बजे तक S&P 500 फ्यूचर्स 0.2 फीसदी ऊपर था।
जापान का Topix 0.6 फीसदी और ऑस्ट्रेलिया का S&P/ASX 200 करीब 0.7 फीसदी चढ़ा। दूसरी ओर हांगकांग का Hang Seng 0.4 फीसदी नीचे रहा, जबकि Shanghai Composite करीब 0.4 फीसदी की बढ़त में था। यूरोपीय बाजारों के संकेत भी सकारात्मक रहे और Euro Stoxx 50 Futures करीब 0.5 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहा था।
