गांधी के जीवन-दर्शन, सत्याग्रह, साहित्य, आर्थिक विचार और सामाजिक प्रभाव से जुड़ी 16 पुस्तकें प्रदर्शित
वाराणसी (रणभेरी): काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सायाजी राव गायकवाड़ केंद्रीय पुस्तकालय के साइबर पुस्तकालय अध्ययन केंद्र में गांधी जयंती के अवसर पर विशेष पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में महात्मा गांधी के जीवन, विचारों और सामाजिक योगदान से संबंधित पुस्तकों को प्रदर्शित किया गया।

प्रदर्शनी में महात्मा गांधी के जीवन-दर्शन, सत्याग्रह आंदोलन, साहित्य में उनके योगदान, आर्थिक विचारों तथा समाज पर पड़े प्रभाव से जुड़ी कुल 16 पुस्तकें शामिल रहीं। इनमें गांधी दर्शन, महात्मा गांधी और महिलाएं तथा महात्मा गांधी के संकलित लेखन जैसी प्रमुख पुस्तकें विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।
प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों और पाठकों को महात्मा गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को विभिन्न आयामों से समझने का अवसर मिला। प्रदर्शित पुस्तकों में सत्य, अहिंसा, सामाजिक समरसता और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े गांधी के विचारों को प्रमुखता दी गई है। आयोजकों ने बताया कि गांधी जयंती के अवसर पर पुस्तक प्रदर्शनी आयोजित करने का उद्देश्य विद्यार्थियों और पाठकों में गांधी के विचारों तथा उनके साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाना है। पुस्तकों के माध्यम से गांधी के जीवन संघर्ष, चिंतन और समाज सुधार संबंधी दृष्टिकोण से परिचित कराने का प्रयास किया गया।
