गोरखपुर में पांच दिन से लापता हाईस्कूल टॉपर का तालाब में मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

गोरखपुर में पांच दिन से लापता हाईस्कूल टॉपर का तालाब में मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

(रणभेरी): चिलुआताल थाना क्षेत्र में पांच दिन से लापता 15 वर्षीय छात्र प्रिंस का शव सोमवार को चिलुआताल में मिला। शव पानी में उतराता हुआ मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों ने एक किशोरी के परिवार पर छात्र की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने किशोरी समेत उसके माता-पिता और भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्रिंस ने इसी साल हाईस्कूल की परीक्षा पास की थी और बताया जा रहा है कि वह अपने स्कूल का टॉपर था। वह बेतियाहाता स्थित मोमेंटम इंस्टीट्यूट में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग करता था।

23 सितंबर को कोचिंग के लिए निकला था

मोहरीपुर के पास किराये के मकान में रहने वाले नंदकिशोर मेडिकल स्टोर चलाते हैं। परिवार में पत्नी लक्ष्मीना, बेटा प्रिंस और बेटी शालिनी हैं। परिजनों के मुताबिक, 23 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे प्रिंस कोचिंग जाने के लिए घर से निकला था। लेकिन वह निर्धारित समय पर इंस्टीट्यूट नहीं पहुंचा और शाम तक घर भी नहीं लौटा।

परिजनों ने जब कोचिंग सेंटर से संपर्क किया तो वहां से पता चला कि प्रिंस उस दिन कक्षा में आया ही नहीं था। बताया गया कि उसी दिन उसकी परीक्षा भी थी। इसके बाद परिवार ने रिश्तेदारों और दोस्तों के यहां तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।

गोरखपुर में पांच दिन से लापता हाईस्कूल टॉपर का तालाब में मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

परिजनों की शिकायत पर चिलुआताल पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर छात्र की तलाश शुरू की। पुलिस ने मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और लोकेशन की जांच की। जांच के दौरान मोबाइल की आखिरी लोकेशन पीपीगंज क्षेत्र में मिली, जिसके बाद फोन बंद हो गया। पुलिस ने संभावित रास्तों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले।

तालाब में मिला सड़ा-गला शव

पांच दिन बाद सोमवार शाम स्थानीय लोगों ने चिलुआताल में पानी पर एक शव देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। शव की हालत काफी खराब थी। पुलिस ने परिजनों को मौके पर बुलाया, जहां कपड़ों के आधार पर नंदकिशोर ने शव की पहचान अपने बेटे प्रिंस के रूप में की।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। परिवार ने हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने जांच के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई।

लड़की के परिवार पर लगाए गंभीर आरोप

प्रिंस के पिता का कहना है कि उनका बेटा एक लड़की के संपर्क में था और दोनों के बीच बातचीत होती थी। परिवार को आशंका है कि इसी संबंध को लेकर छात्र को रास्ते से हटाया गया और बाद में शव पानी में फेंक दिया गया।

गोरखपुर में पांच दिन से लापता हाईस्कूल टॉपर का तालाब में मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

पुलिस ने मामले में संबंधित लड़की, उसके माता-पिता और भाई को हिरासत में लिया है। चारों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। पुलिस लड़की के मोबाइल फोन समेत अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

चिलुआताल थाना पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि छात्र की मौत कैसे हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *