(रणभेरी): महिला बैंककर्मी को कथित तौर पर परेशान करने और आपत्तिजनक संदेश भेजने के मामले में फरार चल रहे सपा नेता डॉ. राजन अहमद रिजवी को मथुरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी करीब 12 दिनों से फरार था और अलीगढ़ में अपने एक रिश्तेदार के यहां ठहरा हुआ था। सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्वाट टीम ने रविवार को वहां दबिश देकर उसे पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, राजन रिजवी के खिलाफ महिला बैंककर्मी ने 16 सितंबर को मथुरा कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का आरोप है कि आरोपी लगातार उसका पीछा करता था, बैंक में आकर उसे घूरता था और उसकी निजी जानकारी जुटाने की कोशिश करता था। आरोप है कि उसने महिला का निजी मोबाइल नंबर हासिल कर उस पर अनचाहे और आपत्तिजनक संदेश भी भेजे।
IAS बनवाने का किया था दावा
शिकायत के मुताबिक, महिला द्वारा विरोध करने और नंबर ब्लॉक किए जाने के बाद आरोपी ने उसे कथित तौर पर यह भरोसा दिलाने की कोशिश की कि यदि समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो वह मुख्यमंत्री कोटे से डेपुटेशन के जरिए उसे IAS बनवाने में मदद करेगा।

महिला ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि आरोपी ने उसकी नौकरी को लेकर भी टिप्पणी की थी। मामले में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घर और परिवार की जानकारी जुटाने का आरोप
महिला ने शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके घर, वाहन, ड्राइवर और कुक समेत परिवार से जुड़ी कई जानकारियां हासिल करने का प्रयास किया। उसे यह भी जानकारी मिली कि आरोपी 15 सितंबर की रात उसके घर के आसपास देखा गया था।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, बैंक के बाहर उसकी गाड़ी और उसकी तस्वीरें लिए जाने की जानकारी भी सामने आई। महिला ने अपने पति की नौकरी और उनके आने-जाने से संबंधित जानकारी जुटाए जाने की आशंका भी जताई है। उसने पुलिस को मैसेज के स्क्रीनशॉट समेत अन्य साक्ष्य उपलब्ध कराने की बात कही है।
मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई थी पहचान
महिला के अनुसार, आरोपी से उसकी पहचान मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई थी। इसके बाद वह कथित तौर पर बैंक आने लगा और महिला के आसपास रहने की कोशिश करता था। महिला का कहना है कि उसने कभी आरोपी को अपना निजी मोबाइल नंबर नहीं दिया था, इसके बावजूद उसके पास नंबर पहुंच गया।
सपा ने पद से हटाया था
मामला सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी ने राजन रिजवी को अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश महासचिव पद से हटा दिया था। बताया गया है कि राजन रिजवी लंबे समय से पार्टी से जुड़े हुए हैं और पहले नगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। वह एक डिग्री कॉलेज में प्रोफेसर भी बताए जाते हैं।
अलीगढ़ से हुई गिरफ्तारी
ASP आशना चौधरी के मुताबिक, मथुरा कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम ने मुखबिर की सूचना पर अलीगढ़ के क्वारसी थाना क्षेत्र स्थित धर्रामाफी गांव में दबिश दी। पुलिस को आरोपी वहां छिपा मिला। गिरफ्तारी के बाद उसे मथुरा लाकर अदालत में पेश किया गया। पुलिस अधिकारी के अनुसार, अदालत से आरोपी को जमानत मिल गई।
