चेचिस की टक्कर से बाइक सवार की मौत, रेलवे क्रॉसिंग पर पकड़ा गया चालक

चेचिस की टक्कर से बाइक सवार की मौत, रेलवे क्रॉसिंग पर पकड़ा गया चालक

(रणभेरी): थाना क्षेत्र के कोलिन्डूबा गांव में शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चेचिस चालक वाहन लेकर फरार हो गया, लेकिन ग्रामीणों की सूचना और पुलिस की तत्परता से उसे रेलवे क्रॉसिंग गेट नंबर 50 के पास पकड़ लिया गया।

जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब नौ बजे मेदनीखांड लैम्पस के सामने हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चेचिस और मोटरसाइकिल दोनों विंढमगंज की ओर से दुद्धी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरा और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कोलिन्डूबा निवासी बंधु राम ने बताया कि वह सड़क किनारे मवेशियों को चारा दे रहे थे। तेज आवाज सुनकर जब वह घटनास्थल पर पहुंचे तो एक व्यक्ति सड़क पर पड़ा था। लोगों को सूचना देने के दौरान चेचिस चालक वाहन लेकर वहां से निकल गया।

ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को दुर्घटना की जानकारी दी और फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी। इसी बीच रेलवे क्रॉसिंग गेट नंबर 50 के पास चेचिस को रोक लिया गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया।

मृतक की पहचान अगस्त कुमार (पुत्र राजेंद्र राम), निवासी धनराडीह, मकड़ी भवनाथपुर, झारखंड के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान सुनिश्चित की गई। दुर्घटना में शामिल मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *