(रणभेरी): सिंगरौली जिले से एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार भारी वाहन की टक्कर से दो युवकों की जान चली गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा लंघाडोल थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुआ।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, माछरकट्टा गांव के रहने वाले रामभजन सिंह अपने साथी राहुल सिंह और लाल बहादुर सिंह के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। तीनों युवक बाइक से गोरवानी से अपने गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सुलियरी वन चौकी के पास पीछे से आ रहे कोयला लदे एक तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। इस हादसे में राहुल सिंह और लाल बहादुर सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि रामभजन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल ट्रामा सेंटर भिजवाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही देवसर क्षेत्र के विधायक राजेंद्र मेश्राम अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल का हालचाल जाना और मृतकों के परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। साथ ही प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं स्थानीय लोगों ने भारी वाहनों के लापरवाह संचालन को लेकर चिंता जताई है।
