(रणभेरी): सोनभद्र जिले के ओबरा थाना क्षेत्र अंतर्गत खैरटिया टोला में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। हाईटेंशन लाइन के टॉवर पर चढ़े एक युवक की करीब 90 फीट की ऊंचाई से गिरने के बाद मौके पर ही मौत हो गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे ग्रामीणों ने एक युवक को हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ते हुए देखा। लोग उसे नीचे उतरने के लिए लगातार शोर मचाते रहे, लेकिन वह किसी की बातों पर ध्यान दिए बिना ऊपर चढ़ता चला गया। इसी दौरान किसी ने पुलिस को भी सूचना दे दी।
बताया जा रहा है कि युवक काफी ऊंचाई तक पहुंच चुका था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सिर के बल नीचे आ गिरा। नीचे गिट्टी होने के कारण गिरते ही उसका सिर करीब छह इंच तक धंस गया, जिससे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान पनारी ग्राम पंचायत के गुडुर टोला निवासी शंभू यादव (35) के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि शंभू पेशे से लकड़ी बेचने का काम करता था। लोगों का यह भी कहना है कि वह इससे पहले भी दो बार हाईटेंशन टॉवर पर चढ़ चुका था, हालांकि उस समय कोई हादसा नहीं हुआ था।
टॉवर पर चढ़ने के पीछे की वजह फिलहाल साफ नहीं हो सकी है। मौके पर मौजूद लोगों का अनुमान है कि युवक नशे की हालत में हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ओबरा थाना प्रभारी विजय सिंह चौरसिया ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
