वाराणसी कैंट स्टेशन पर मोबाइल स्नेचर गिरफ्तार, पांच मोबाइल बरामद; ट्रेनों में यात्रियों को बनाता था निशाना

वाराणसी कैंट स्टेशन पर मोबाइल स्नेचर गिरफ्तार, पांच मोबाइल बरामद; ट्रेनों में यात्रियों को बनाता था निशाना

वाराणसी (रणभेरी): कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने एक मोबाइल स्नेचर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रोहित बनवासी निवासी रानी पोखरा, शिवपुर और स्थायी पता कठराव, जौनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

जीआरपी इंस्पेक्टर रजोल नागर के मुताबिक, पुलिसकर्मी आरपीएफ और सीआईबी अधिकारियों के साथ स्टेशन परिसर में नियमित चेकिंग और गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मंगलवार शाम करीब छह बजे सर्कुलेटिंग एरिया की बंद पड़ी पार्किंग में बरगद के पेड़ के चबूतरे पर एक संदिग्ध युवक बैठा दिखाई दिया। उसके पास पिट्ठू बैग था। पुलिस को देखकर युवक वहां से जाने लगा। शक होने पर टीम ने उसे पकड़कर जीआरपी पोस्ट पर ले जाकर पूछताछ की।

वाराणसी कैंट स्टेशन पर मोबाइल स्नेचर गिरफ्तार, पांच मोबाइल बरामद; ट्रेनों में यात्रियों को बनाता था निशाना

बैग की तलाशी में मिले पांच मोबाइल

पूछताछ में युवक ने अपना नाम रोहित बनवासी बताया। पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली तो पांच मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में रोहित ने इन मोबाइल को ट्रेनों से चोरी करने की बात स्वीकार की। रिकॉर्ड चेक करने पर एक मोबाइल मुकदमा संख्या 220/2026 से संबंधित पाया गया। अन्य मोबाइल के संबंध में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।

ट्रेनों में यात्रियों पर रखता था नजर

जीआरपी के मुताबिक, आरोपी ट्रेनों में यात्रियों के पास बैठकर मोबाइल रखने वाले यात्रियों पर नजर रखता था। वह खासतौर पर ट्रेन के दरवाजे के पास बैठे यात्रियों को निशाना बनाता था। आउटर या सुनसान स्थान आने पर कथित तौर पर मोबाइल छीनकर चलती ट्रेन से उतर जाता था। पूछताछ में आरोपी ने कुछ अन्य मोबाइल स्नेचरों के नाम भी बताए हैं। जीआरपी और आरपीएफ उनकी तलाश में जुटी है।

अन्य घटनाओं की भी जांच शुरू

पुलिस आरोपी से बरामद मोबाइल और पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर ट्रेन में मोबाइल चोरी और स्नेचिंग की अन्य घटनाओं की भी जांच कर रही है। आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां से उसे जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *