बिग बॉस 20 के वीकेंड का वार में बोले सलमान- अपनी मां-बहनों के शॉट लेकर सोशल मीडिया पर डालो; सोफिया हयात ने कहा- सलमान पाखंडी हैं
(रणभेरी): बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने रियलिटी शो बिग बॉस 20 के वीकेंड का वार एपिसोड में पैपराजी और सोशल मीडिया ट्रोलर्स के व्यवहार पर जमकर नाराजगी जताई। उन्होंने खास तौर पर अभिनेत्रियों की तस्वीरें गलत एंगल से लेने और उन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की आलोचना की। सलमान ने कहा कि अगर किसी महिला को इस तरह की तस्वीरें पसंद नहीं हैं तो उसे इसका विरोध करना चाहिए। उनके बयान के बाद फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियों ने उनका समर्थन किया, वहीं बिग बॉस 7 की पूर्व कंटेस्टेंट सोफिया हयात ने सलमान पर ही सवाल उठाए।

‘महिलाओं को पसंद नहीं तो घूमकर चांटा मारो’
वीकेंड का वार में सलमान ने कहा कि आजकल गाड़ी से उतरते और बैठते समय कैमरे महिलाओं के शरीर के खास हिस्सों पर फोकस किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि पीछे से भी तस्वीरें खींची जाती हैं और बाद में सोशल मीडिया पर ‘पहचानो ये कौन है’ जैसे कैप्शन के साथ पोस्ट किया जाता है।सलमान ने कहा कि कुछ महिलाएं इस तरह की तस्वीरों को लेकर सहज हो सकती हैं, लेकिन जिन महिलाओं को यह पसंद नहीं है, उनके बारे में भी सोचना चाहिए। उन्होंने सई मांजरेकर, नेहा धूपिया और अपनी भांजी का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं को ऐसी स्थिति में खुलकर विरोध करना चाहिए। सलमान ने तीखे अंदाज में कहा, “जहां ऐसा हुआ न, घूम के चांटा मारो। बोलना अपनी मां-बहनों का ये शॉट ले लो और हमें दिखाओ।”

शर्ट उतारकर बोले- अब जो चाहे ट्रोल करो
सलमान ने पैपराजी के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए पूछा कि ऐसे लोगों को प्रेस का कार्ड किसने दिया। इसी दौरान उन्होंने मंच पर अपनी शर्ट उतारकर पेट दिखाया और कहा कि अब जो चाहे उन्हें ट्रोल कर सकता है। उन्होंने बताया कि हाल में उन्हें गंजा कहकर ट्रोल किया गया था, जबकि वह उनकी आने वाली फिल्म का लुक था। सलमान ने यह भी कहा कि उन्होंने हाल में अपना एक दोस्त खोया है।
नेहा धूपिया ने लिखा- टाइगर जिंदा है
सलमान के बयान के बाद अभिनेत्री नेहा धूपिया ने उनका समर्थन किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर सलमान के बयान के संदर्भ में लिखा, “टाइगर जिंदा है।” नेहा इससे पहले भी एक कार्यक्रम में अपने बैक शॉट की तस्वीरें लेने पर पैपराजी को सार्वजनिक रूप से फटकार चुकी हैं।अभिनेता वरुण धवन ने भी सलमान का समर्थन किया। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो साझा किया, जिसमें वह अपने पिता डेविड धवन के साथ सलमान को देखकर खुशी जताते नजर आए।निर्देशक कुणाल कोहली ने भी सलमान की तारीफ की।
उन्होंने लिखा कि सलमान ने सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग, पैपराजी और इस तरह के व्यवहार को बढ़ावा देने वालों के बारे में जरूरी बातें कहीं। उन्होंने कहा कि जब ‘भाई’ बोलता है तो उसके बाद किसी के पास कहने के लिए कुछ नहीं बचता।

सोफिया हयात ने सलमान को बताया
‘पाखंडी’सलमान के बयान के बाद बिग बॉस 7 की कंटेस्टेंट सोफिया हयात ने अलग रुख अपनाया। उन्होंने सलमान का वीडियो क्लिप साझा करते हुए उन पर पाखंडी होने का आरोप लगाया। सोफिया ने दावा किया कि बिग बॉस में रहने के दौरान सलमान ने उनके शरीर और चेहरे को लेकर आलोचना की थी, जबकि गौहर खान के शरीर की तारीफ की थी।
पहले भी पैपराजी को फटकार चुके हैं सलमान
सलमान इससे पहले भी कई मौकों पर पैपराजी के व्यवहार पर नाराजगी जता चुके हैं। 5 सितंबर 2026 को बिग बॉस 20 के प्रीमियर की शूटिंग के दौरान पैपराजी द्वारा उन्हें ‘बाबा’ कहकर बुलाए जाने और फ्रेम में आने पर उन्होंने नाराजगी जताई थी।19 मई 2026 को अस्पताल से बाहर निकलते समय पैपराजी के शोर से भी सलमान नाराज हुए थे। इसके अलावा बिग बॉस 19 की सक्सेस पार्टी में ज्यादा शोर करने पर उन्होंने फोटोग्राफर्स को इशारे से शांत रहने को कहा था। वर्ल्ड पैडल लीग के एक कार्यक्रम से भांजी आयत को गोद में लेकर निकलते समय पैपराजी के घेरने पर भी उन्होंने उन्हें दूर रहने के लिए कहा था। वहीं, कुछ साल पहले मां की तस्वीर लेने से रोकने के लिए भी सलमान ने पैपराजी को इशारा कर वहां से हटाया था।
