मेरठ में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने शक्ति केंद्र कार्यकर्ताओं को किया संबोधित, बोले- हर बूथ को मजबूत करने के साथ जनता से बढ़ाएं संपर्क और संवाद
वाराणसी (रणभेरी): मिशन-2027 को लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को मेरठ में पार्टी के शक्ति केंद्र कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और किसानों, युवाओं, महिलाओं व मजदूरों के बीच संपर्क-संवाद बढ़ाने का आह्वान किया। नितिन नवीन ने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश को बांटने की कोशिश को सफल नहीं होने देना है और प्रदेश के विकास का रथ रुकना नहीं चाहिए।
नितिन नवीन सोमवार और मंगलवार को मेरठ और सहारनपुर के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वह पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र संयोजकों और जमीनी कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे हैं।
युवाओं को बताया आज की ताकत
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि युवाओं को केवल देश का भविष्य मानना पर्याप्त नहीं है, बल्कि वे वर्तमान की भी बड़ी ताकत हैं। युवाओं की प्रतिभा का सही दिशा में इस्तेमाल राष्ट्र निर्माण में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा के विधायक और सांसद चुनाव जीतकर आते हैं तो उसके पीछे संगठन के कार्यकर्ताओं का परिश्रम और संघर्ष होता है।
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में युवाओं को कारतूस और पिस्तौल की संस्कृति से दूर कर स्किल डेवलपमेंट और रोजगार के अवसरों से जोड़ा जा रहा है। नितिन नवीन ने कहा कि उत्तर प्रदेश को दोबारा उस दौर में नहीं जाने देना है, जब भय और अराजकता का माहौल होने का दावा किया जाता था।
1857 की क्रांति और चौधरी चरण सिंह का किया जिक्र
मेरठ की धरती को नमन करते हुए नितिन नवीन ने इसे 1857 की क्रांति को दिशा देने वाली भूमि बताया। उन्होंने चौधरी चरण सिंह का भी उल्लेख किया और कहा कि यह वह क्षेत्र है जहां उन्होंने किसानों के लिए संघर्ष किया।उन्होंने कांग्रेस पर चौधरी चरण सिंह को उचित सम्मान नहीं देने और उनकी सरकार गिराने का आरोप लगाया। साथ ही कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं से इनके पुराने राजनीतिक कार्यकाल को जनता के बीच रखने की बात कही।

सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का किया जिक्र
नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाओं का लाभ गरीबों तक पहुंचाने में समाज और धर्म को आधार नहीं बनाया जाता। उन्होंने आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, गरीबों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने और महिलाओं के लिए शौचालय निर्माण जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।उन्होंने कहा कि महिलाएं अब स्वाभिमान के साथ स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उत्तर प्रदेश में लक्ष्मी दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने की बात भी उन्होंने कही।
‘पहले माफिया के नाम से पहचाने जाते थे जिले’
भाजपा अध्यक्ष ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि एक समय उत्तर प्रदेश के कई जिलों की पहचान माफिया के नाम से होती थी और भय का वातावरण था। उन्होंने कहा कि अब जिलों की पहचान ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ से हो रही है।उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार में कानून का राज स्थापित हुआ है और अपराधियों को संरक्षण देने की हिम्मत कोई नहीं कर सकता। नितिन नवीन ने कहा कि प्रदेश में अब माफिया राज वापस नहीं आने दिया जाएगा और जनता की सरकार कायम रहेगी।

एक्सप्रेसवे और एयरपोर्ट को बताया विकास की पहचान
नितिन नवीन ने कहा कि पहले प्रदेश के एक जिले से दूसरे जिले में जाने में काफी समय लगता था, लेकिन अब एक्सप्रेसवे विकास की पहचान बन रहे हैं। उन्होंने प्रदेश में बने एयरपोर्ट और मेडिकल व इंजीनियरिंग कॉलेजों का भी उल्लेख किया।उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में वसूली की चर्चा होती थी, जबकि अब इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज और अन्य व्यावसायिक संस्थान खोलने की चर्चा हो रही है। उन्होंने इसे युवाओं की सोच में बदलाव बताया।
कांग्रेस-सपा पर ‘डिवाइड एंड रूल’ का आरोप
भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर उत्तर प्रदेश को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को ऐसी कोशिशों के खिलाफ जनता के बीच जाकर संवाद करना चाहिए।राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को युवाओं की समस्याओं और रोजगार के मुद्दों पर उनसे संवाद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के अवसर पैदा करने का काम कर रही है।
धार्मिक आयोजनों का भी किया जिक्र
नितिन नवीन ने कांवड़ यात्रा और रामनवमी जैसे धार्मिक आयोजनों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले इन आयोजनों को रोकने के प्रयास किए जाते थे। उन्होंने पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा को लेकर भी रोक लगाए जाने का आरोप लगाया और कहा कि जनता ने ऐसे प्रयासों का चुनाव में जवाब दिया।
पश्चिमी यूपी की 71 सीटों का किया जिक्र
भाजपा अध्यक्ष ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की 71 विधानसभा सीटों का जिक्र करते हुए कार्यकर्ताओं से हर बूथ को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शक्ति केंद्र संगठन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जहां बूथ, मंडल और शक्ति केंद्र एक साथ जुड़ते हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से किसानों, युवाओं, महिलाओं और मजदूरों के बीच जाकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी साझा करने को कहा। नितिन नवीन ने कहा कि 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाना जरूरी है।
उन्होंने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, अयोध्या में राम मंदिर और मथुरा से जुड़े धार्मिक स्थलों का उल्लेख करते हुए भारतीय संस्कृति और विरासत को मजबूत करने की बात कही। संबोधन के अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं से हर बूथ को मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
