वाराणस (रणभेरी): हिंदी सिनेमा और अंतरराष्ट्रीय टेलीविजन में अपनी पहचान बना चुकी अभिनेत्री निम्रत कौर हाल ही में काशी पहुंचीं। अपने वाराणसी प्रवास के दौरान उन्होंने शहर की आध्यात्मिक परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय व्यंजनों का आनंद लिया। अभिनेत्री ने गंगा तट के प्रसिद्ध घाटों का भ्रमण किया, नाव से गंगा की सैर की और विश्वप्रसिद्ध गंगा आरती में शामिल होकर आध्यात्मिक वातावरण को करीब से महसूस किया।
मालइयो का लिया स्वाद
वाराणसी पहुंचते ही निम्रत कौर ने सबसे पहले बनारस की पारंपरिक मिठाई मालइयो का स्वाद चखा। सर्दियों में बनने वाली यह खास मिठाई शहर की पहचान मानी जाती है। अभिनेत्री ने इस व्यंजन की तारीफ करते हुए इसे बेहद लाजवाब बताया।
नाव से देखा घाटों का नजारा
काशी प्रवास के दौरान अभिनेत्री ने गंगा नदी में नाव की सवारी भी की। इस दौरान उन्होंने शहर के कई ऐतिहासिक और प्रसिद्ध घाटों की भव्यता को नजदीक से देखा। गंगा के शांत जल और घाटों की आध्यात्मिक आभा ने उन्हें खासा प्रभावित किया।
दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती में रहीं मौजूद
निम्रत कौर ने प्रसिद्ध दशाश्वमेध घाट पर होने वाली भव्य गंगा आरती में भी भाग लिया। वह आम श्रद्धालुओं के बीच बैठकर पूरे श्रद्धा भाव से आरती का दर्शन करती नजर आईं। मंत्रोच्चार, घंटियों की गूंज और दीपों की रोशनी से सजे माहौल ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आरती के बाद अभिनेत्री ने कहा कि काशी में गंगा आरती देखना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि इस आध्यात्मिक माहौल में उन्हें शांति और सुकून का एहसास हुआ।

अकेले पहुंचीं काशी, स्थानीय संस्कृति को करीब से जाना
बताया जा रहा है कि निम्रत कौर इस यात्रा पर अकेले ही वाराणसी आई थीं। उन्होंने शहर के प्रमुख स्थलों को शांत माहौल में देखा और यहां की संस्कृति व परंपराओं को करीब से समझने की कोशिश की।
सोशल मीडिया पर साझा किए पल
अभिनेत्री ने अपनी काशी यात्रा की यादगार झलकियां सोशल मीडिया पर भी साझा की हैं। घाटों, नाव यात्रा और गंगा आरती से जुड़ी तस्वीरें उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कीं, जिन्हें उनके प्रशंसक खूब पसंद कर रहे हैं।

निम्रत कौर का करियर
13 मार्च 1982 को जन्मीं निम्रत कौर ने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मॉडलिंग से की। इसके बाद उन्होंने थिएटर में काम किया और धीरे-धीरे फिल्मों की ओर कदम बढ़ाए। उन्हें पहली बड़ी पहचान फिल्म ‘पेडल्डर्स’ से मिली। इसके बाद समीक्षकों द्वारा सराही गई फिल्म ‘द लंचबॉक्स’ ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। वह अभिनेता अक्षय कुमार के साथ फिल्म ‘एयरलिफ्ट’ में भी नजर आ चुकी हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निम्रत कौर ने अमेरिकी टीवी सीरीज़ ‘होमलैंड’ में आईएसआई एजेंट तसनीम कुरैशी का किरदार निभाया। इसके अलावा वह ‘वेवार्ड पाइन्स’ और भारतीय वेब सीरीज़ ‘स्कूल ऑफ लाइज़’ में भी दिखाई दे चुकी हैं। काशी की इस यात्रा ने अभिनेत्री को गहराई से प्रभावित किया है। सोशल मीडिया पर भी उनके प्रशंसक बनारस से जुड़ी उनकी तस्वीरों और अनुभवों की सराहना कर रहे हैं।
